‘साड़ी लेकर आता हूं…’ कहकर घर से निकले संतोष, पत्नी करती रही इंतजार, रास्ते में थार ने कुचलकर ली जान

‘साड़ी लेकर आता हूं…’ कहकर घर से निकले संतोष, पत्नी करती रही इंतजार, रास्ते में थार ने कुचलकर ली जान


Last Updated:

उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है. अपनी पत्नी के लिए साड़ी खरीदकर स्कूटर से घर लौट रहे 55 वर्षीय संतोष सिंह चौहान को एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने जोरदार टक्कर मार दी. यह हादसा उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ, जिसमें संतोष की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चलाना सीख रही एक महिला यह थार चला रही थी. टक्कर के बाद अनियंत्रित थार दो मकानों की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए बगीचे में जा घुसी.

Zoom

गाड़ी चलाना सीख रही महिला ने बुजुर्ग को कुचलकर ली जान.

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार की रात भीषण ने सबको झकझोर दिया. गलती किसी की भी, मगर एक महिला अपने पति की इंतजार करती रह गई, जो उसके लिए साड़ी लेने घर से निकला था. मौत भी कहां घर के तकरीबन 500 मीटर की दूरी पर. गाड़ी चलाना सीख रही एक महिला ने अपने थार से उनको कुचल दिया. अब सवाल उठ रहा है कि क्या भीड़-भाड़ वाली सड़क पर गाड़ी चलाना सीखना किस हद तक सही है? अब उस परिवार पर टूटे दुख की पहाड़ का जिम्मेदार कौन है? क्या उस महिला की, जो गाड़ी चलाना सीख रही थी, या गाड़ी में बैठे शख्स की या फिर हमारे सभ्य समाज की? आखिर क्या है माजरा, चलिए जानते हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों ने रूह कंपाने वाली सच्चाई बताई. दरअसल, तेज रफ्तार महिंद्रा थार में दो महिलाएं और एक पुरुष सवार थे. बताया जा रहा है कि एक महिला कार चलाना सीख रही थी. हादसे के वक्त वही ड्राइविंग सीट पर बैठी थी. स्कूटर सवार संतोष को रौंदने के बाद महिला चालक ने एसयूवी से नियंत्रण पूरी तरह खो दिया. बेकाबू हुई थार सबसे पहले प्रोफेसर कैलाश चौहान के मकान की बाउंड्री वॉल को चीरते हुए अंदर जा घुसी. इसके बाद बगल में स्थित जीएसटी सुपरिंटेंडेंट अनीता महादेवन (जो वर्तमान में बेंगलुरु में तैनात हैं) के मकान की दीवार को भी ध्वस्त कर दिया. दो मकानों की दीवारें तोड़ने के बाद थार आखिरकार एक बगीचे में जाकर रुकी.

क्षतिग्रस्त थार छोड़कर दूसरी कार से फरार हुए आरोपी
धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर प्रोफेसर कैलाश चौहान और आसपास के लोग तुरंत अपने घरों से बाहर दौड़कर आए. प्रोफेसर चौहान ने बताया कि उन्होंने खुद एसयूवी के अंदर दो महिलाओं और एक युवक को देखा था, जिनमें से एक महिला स्टेयरिंग संभाल रही थी. हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच कुछ ही देर में घटनास्थल पर एक दूसरी कार पहुंची, जिसमें बैठकर तीनों आरोपी अपनी क्षतिग्रस्त थार को वहीं लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए.

पनकी के कृष्ण कुमार के नाम पर दर्ज है थार, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने क्षतिग्रस्त महिंद्रा थार की नंबर प्लेट के जरिए वाहन मालिक का पता लगा लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गाड़ी पनकी के पनका बहादुर नगर निवासी कृष्ण कुमार के नाम पर पंजीकृत है. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि थार सवार आरोपियों और उन्हें भगाने में इस्तेमाल हुई दूसरी कार के रूट की पहचान की जा सके. पुलिस चश्मदीदों के बयान दर्ज करने के साथ ही वाहन मालिक से भी पूछताछ कर रही है.



Source link