Last Updated:
Animal Husbandry Tips: सर्दियों में मौसम बदलने के कारण दुधारू पशुओं का दूध उत्पादन कम होने लगता है. पशु चिकित्सक डॉ. भारत पटेल के अनुसार पशुओं के आहार में दाना, कैल्शियम और मिनरल मिक्सचर शामिल कर इस समस्या से बचा जा सकता है.
Animal Husbandry Tips: सर्दियों में मौसम बदलने के साथ ही दुधारू पशुओं के खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी हो जाता है. इस मौसम में कई बार गाय और भैंस का दूध उत्पादन कम होने लगता है. इसका सीधा असर पशुपालकों की कमाई पर पड़ता है. कई बार पर्याप्त दूध नहीं मिलने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. हालांकि, पशुओं के आहार में कुछ जरूरी चीजें शामिल करके इस समस्या से बचा जा सकता है.
विशेषज्ञ बताते हैं कि बदलते मौसम में पशुओं के खानपान में थोड़ी सी लापरवाही भी दूध उत्पादन पर असर डाल सकती है. खासकर सर्दियों में पशुओं को पर्याप्त ऊर्जा और पोषक तत्व नहीं मिलने से उनकी दूध देने की क्षमता प्रभावित होती है. कई पशुओं में कमजोरी और सुस्ती भी देखने को मिलती है. ऐसे में पशुपालकों को केवल चारे के भरोसे नहीं रहना चाहिए, बल्कि पशुओं को हरे चारे के साथ दाना, कैल्शियम और मिनरल मिक्सचर देने से पशुओं को पर्याप्त पोषण मिलता है. इससे दूध उत्पादन बनाए रखने में भी मदद मिलती है.
चारे के साथ दाना खिलाएं
वहीं, खरगोन के पशु चिकित्सक डॉ. भारत पटेल ने बताया कि, दुधारू पशुओं के लिए हरा और ताजा चारा सबसे बेहतर आहार है. इसमें जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं. हालांकि, हर समय हरा चारा उपलब्ध नहीं होने पर पशुओं को सूखे चारे के साथ पर्याप्त मात्रा में दाना देना चाहिए. इससे पशुओं को जरूरी ऊर्जा मिलती है और उनका स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है.
एक लीटर दूध पर कितना दें दाना?
पशु जितना दूध देता है, उसी के अनुसार उसके आहार में दाने की मात्रा तय करनी चाहिए. भैंस से एक लीटर दूध उत्पादन के लिए करीब 500 ग्राम दाना देना चाहिए. वहीं गाय के लिए एक लीटर दूध पर लगभग 400 ग्राम दाना पर्याप्त होता है. इसके अलावा ठंड के मौसम में पशुओं के शरीर का रखरखाव करने के लिए रोजाना एक किलो अतिरिक्त सूखा दाना भी देना चाहिए. इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है. यदि पशु को पर्याप्त हरा चारा मिल रहा है तो दाने की मात्रा में करीब 30 फीसदी तक कमी की जा सकती है.
10 लीटर से ज्यादा दूध देने वाले पशुओं को दें ये चीजें
विशेषज्ञ के मुताबिक, जो गाय और भैंस रोजाना 10 लीटर से ज्यादा दूध देती हैं, उन्हें कैल्शियम और मिनरल की अतिरिक्त जरूरत होती है. ऐसे पशुओं को रोजाना 100 एमएल कैल्शियम तरल रूप में देना चाहिए. इसके साथ ही 30 ग्राम मिनरल मिक्सचर भी आहार में शामिल करना चाहिए. इससे पशुओं को जरूरी खनिज तत्व मिलते हैं. कैल्शियम और मिनरल मिक्सचर पशु आहार की दुकानों पर आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं. गेहूं की भूसी, मक्का की भूसी, ज्वार, बाजरा या अन्य पशु आहार में मिलाकर दिया जा सकता है.