Last Updated:
मात्र डेढ़ लाख रुपये की लागत से अगरबत्ती का बिजनेस शुरू किया जा सकता है. इसके लिए मशीन और कच्चे माल की जरूरत होती है. सही प्रक्रिया से खुशबूदार अगरबत्ती तैयार की जाती है. पैकेजिंग के बाद इसे बाजार में बेचा जाता है। इससे कम समय में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है.
सीतामढ़ी: आज के दौर में कम पूंजी के साथ खुद का व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए अगरबत्ती निर्माण का कार्य एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. यदि आपके पास सीमित बजट है, तो आप मात्र 1.5 लाख रुपये की शुरुआती लागत से इस लघु उद्योग की शुरुआत कर सकते हैं और बाजार में अपनी एक अलग पहचान बना सकते हैं. इस कारोबार से जुड़े विभिन्न पहलुओं और पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए विकास कुमार ने बताया कि सही योजना और सूझबूझ के साथ इस काम को आसानी से घर या छोटे स्थान से शुरू किया जा सकता है.
व्यवसाय को शुरू करने के लिए सबसे प्रमुख आवश्यकता एक अच्छी मशीनरी की होती है. इस बारे में विस्तार से बताते हुए विकास कुमार ने जानकारी दी कि अगरबत्ती बनाने वाली मशीनें बाजार में डेढ़ लाख रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं, जबकि उच्च क्षमता वाली मशीनें 5 लाख रुपये तक की आती हैं. शुरुआती स्तर पर सामान्य कामकाज के लिए डेढ़ लाख रुपये की मशीन पर्याप्त होती है, जिससे उत्पादन का कार्य सुचारू रूप से चलाया जा सकता है.
ये कच्चे माल जरूरी
मशीन के अलावा इस उद्योग के लिए कुछ जरूरी कच्चे माल (रॉ मटेरियल) की आवश्यकता होती है. विकास कुमार के अनुसार, इसमें मुख्य रूप से बांस की स्टिक (बंबू स्टिक), प्रीमिक्स, चारकोल डस्ट, बर्निंग मैटेरियल और डीपी परफ्यूम शामिल हैं. इसके अलावा तैयार अगरबत्ती की पैकेजिंग के लिए रैपर की जरूरत होती है. यदि आप अपने ब्रांड नाम से रैपर छपवाना चाहते हैं, तो डाई के लिए शुरुआती तौर पर लगभग 60,000 से 75,000 रुपये तक का अग्रिम भुगतान करना पड़ता है, हालांकि कम लागत चाहने वाले उद्यमी रेडीमेड रैपर का विकल्प भी चुन सकते हैं.
उत्पादन की प्रक्रिया को समझाते हुए विकास कुमार ने बताया कि स्टिक में सेंटिंग (खुशबू) देने के लिए उन्हें परफ्यूम और डीपी के मिश्रण में डुबोकर निकाला जाता है. इसके बाद स्टिक को करीब 12 घंटे तक अवशोषण (absorb) होने के लिए छोड़ दिया जाता है. अगले चरण में बत्ती को परफ्यूम में दोबारा डुबोकर बाहर निकाला जाता है और रात भर सुखाने के बाद, सुबह हल्की हवा लगने पर उसकी पैकेजिंग की जाती है. इस प्रकार पूरी सावधानी और तय प्रक्रिया का पालन करके इस उद्योग को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है.