गुस्साड़ी नृत्य की अनोखी परंपरा, दिवाली पर सज-धजकर निकलते हैं युवक
Last Updated:
Gussadi Tribal Dance: तेलंगाना के आदिलाबाद में आदिवासी क्षेत्रों में दिवाली पर दांडारी-गुस्साड़ी उत्सव मनाया जाता है. इस दौरान नर्तक भगवान शिव के नटराज स्वरूप में सजते हैं और नृत्य के दौरान जीवनसाथी चुने जाते हैं.
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से करीब 300 किलोमीटर दूर आदिलाबाद के आदिवासी क्षेत्रों में दिवाली का त्योहार एक अनोखे अंदाज में मनाया जाता है. जब देशभर में दीयों की रोशनी होती है, तब यहाँ के मारलावाई, नारनूर और जैनूर जैसे गांवों में ढोल की थाप गूंजती है. यहाँ गोंड, कोलम और आंध समुदाय के लोग मिलकर करीब 8 से 9 दिनों तक पारंपरिक दांडारी-गुस्साड़ी उत्सव मनाते हैं.इस उत्सव की शुरुआत कब होगी, यह हर गांव का मुखिया यानी पटेल तय करता है. आमतौर पर यह दिवाली से ठीक पहले शुरू होकर कुछ दिन बाद तक चलता है. पटेल ही गांव से दो से आठ युवकों का चयन करता है, जिन्हें गोंडी भाषा में गुस्साड़ी कहा जाता है. ये युवक इस पूरे उत्सव के मुख्य नर्तक होते हैं.
गुस्साड़ी बनने वाले युवक भगवान शिव के नटराज स्वरूप की तरह सजते हैं. उनके हाथ में एक लकड़ी का डंडा होता है जिसे शिव के त्रिशूल का प्रतीक माना जाता है. जब 40-50 लोगों की टोली एक गांव से दूसरे गांव जाती है तो रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक ढोल की थाप पर नृत्य की प्रस्तुतियां चलती हैं. इस उत्सव में तीन तरह के नृत्य होते हैं. पहला मुख्य गुस्साड़ी नृत्य, दूसरा पोलाक नृत्य—जिसमें पुरुष महिलाओं के वस्त्र पहनकर गुस्साड़ी के साथ नाचते हैं और तीसरा अद्यान नृत्य, जिसे मुख्य रूप से महिलाएं करती हैं. गुस्साड़ी नृत्य के भीतर भी पांच अलग-अलग शैलियां शामिल होती हैं.
जब टोली दूसरे गांव पहुंचती है तो वहां की युवतियां नृत्य देखने आती हैं. यदि किसी युवती को कोई नर्तक पसंद आ जाता है या युवक किसी युवती में रुचि दिखाता है, तो वे अपने परिवार के बुजुर्गों को बताते हैं. इसके बाद दोनों पक्षों के बुजुर्ग मिलकर शादी की बात आगे बढ़ाते हैं. हालांकि यह उत्सव का मुख्य उद्देश्य नहीं, बल्कि एक सहज अवसर है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पहले गुस्साड़ी त्रिशूल के आकार की टोपी पहनते थे, जो अब मोरपंखों और शीशों से सजी गोल टोपी में बदल चुकी है. वन्यजीव नियमों के चलते हिरण की जगह अब बकरी की खाल का उपयोग होता है, और कुछ नर्तक चश्मे व रंग-बिरंगे लहंगे भी पहनने लगे हैं. परंपरा के अनुसार इन दिनों गुस्साड़ी को नंगे पैर रहना और जमीन पर ही सोना होता है.
इतिहासकारों के अनुसार इस परंपरा की जड़ें करीब 2,500 साल पुरानी हैं, जिसका जिक्र प्राचीन बौद्ध ग्रंथों में भी मिलता है. इस अनूठी सांस्कृतिक धरोहर को बचाने और बढ़ावा देने के लिए तेलंगाना सरकार ने 1.5 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिसके तहत करीब 1,000 मंडलियों को 15-15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है.