Last Updated:
Amitabh Bachchan Health Update: अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में हाथ में तकलीफ होने की बात बताई है. इसके चलते वह फैंस के मैसेज और शुभकामनाओं का जवाब देने में देरी कर रहे हैं. वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बी की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण KBC की शूटिंग करीब एक हफ्ते से रुकी हुई है.
अमिताभ बच्चन हेल्थ अपडेट (फोटो साभार- न्यूज 18 हिंदी)
नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर एक अपडेट सामने आया है. एक्टर ने हाल ही में अपने ब्लॉग के जरिए फैंस को दीपावली और चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान उन्होंने बताया कि जिस हाथ से वह लिखते हैं, उसमें तकलीफ हो रही है.
इसके चलते वह लोगों के मैसेज और शुभकामनाओं का जवाब देने में देरी कर रहे हैं. अमिताभ ने इसके लिए अपने चाहने वालों से माफी भी मांगी है. चलिए बताते हैं अब कैसी है बिग बी की सेहत
अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग में बताई तकलीफ
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि उन्हें लगातार लोगों की तरफ से शुभकामनाएं और गिफ्ट मिल रहे हैं. वह सभी के इस प्यार और अपनापन का सम्मान करते हैं. उनकी कोशिश रहती है कि वह लोगों के मैसेज और चिट्ठियों का जवाब खुद दें. हालांकि, इस बार उनके लिखने वाले हाथ में परेशानी हो रही है. इसी वजह से जवाब देने में देरी हो रही है. एक्टर ने इस देरी के लिए माफी मांगते हुए अपनी बात रखी. उन्होंने यह भी बताया कि लोगों के प्यार को वह समझते हैं और उसका सम्मान करते हैं.
‘क्षमा प्रार्थी’ शब्द को लेकर कही ये बात
अपने ब्लॉग में अमिताभ ने ‘क्षमा प्रार्थी’ शब्द पर भी एक खास बात लिखी. उन्होंने बताया कि जब कोई व्यक्ति माफी मांगता है, तो सामने वाला उसे स्वीकार भी कर सकता है और मना भी कर सकता है. माफी स्वीकार होने पर मन को शांति और संतुष्टि मिलती है, जबकि मना किए जाने पर एक चुभन रह जाती है. अमिताभ ने लिखा कि कुछ लोगों को इस चुभन में भी खुशी मिलती है, तो कुछ लोग संतुष्टि को ज्यादा महत्व देते हैं. उन्होंने जिंदगी को अलग-अलग अनुभवों और सीक्रेट्स से भरा बताया.
एक हफ्ते से रुकी है KBC की शूटिंग
इस बीच अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ यानी KBC को लेकर भी एक खबर सामने आई है. IANS के सूत्रों के मुताबिक, एक्टर की तबीयत ठीक नहीं होने के चलते शो की शूटिंग करीब एक हफ्ते से रुकी हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, शो का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड पहले ही शूट किया जा चुका है. इसमें ‘रामायण’ की स्टारकास्ट से रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे शामिल हुए थे.
हालांकि, अमिताभ बच्चन की सेहत और KBC की शूटिंग रुकने को लेकर उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में फिलहाल इस मामले में सामने आई जानकारी को रिपोर्ट्स और सूत्रों के हवाले से ही देखा जाना चाहिए.