Last Updated:
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक आवारा कुत्ते ने आतंक मचाया हुआ है. इस कुत्ते ने आने-जाने वाले लोगों को 6 घंटे में 26 को काट लिया. इन सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगवाए गए हैं. लोगों का कहना है कि त्योहार की वजह से उन्हें बाजार में जाना है और कुत्ते को लेकर कई शिकायतें की गई हैं, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है. कोई भी टीम कुत्ते को पकड़ने नहीं पहुंची है.
आवारा कुत्ते ने 26 लोगों को काटा (AI तस्वीर)
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में एक आवारा कुत्ते ने आतंक मचा रखा है. कुत्ते के हमले में सिर्फ छह घंटे के भीतर 26 लोग घायल हो गए. दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक कुत्ते ने बाजार में खरीदारी करने निकले लोगों और राहगीरों को निशाना बनाया. अचानक हुए इन हमलों के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. लोग बाजार जाने से भी डर रहे हैं.
लोगों ने बताया कि आवारा कुत्ता राह चलते लोगों और दोपहिया वाहन चालकों के पीछे दौड़कर उन पर हमला कर रहा था. हमले में कई लोगों के पैरों में गहरे घाव हुए हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल खिलचीपुर पहुंचाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन सहित जरूरी इलाज किया गया.
पीड़ित लोगों को लगाया गया रैबीज का इंजेक्शन
अस्पताल के डॉक्टर कमल दांगी ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक कुत्ते के काटने के 26 मामले सामने आए हैं. सभी लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगा दिए हैं. उन लोगों को पागल कुत्ते के द्वारा काटा गया. ज्यादातर लोगों को पैर में काटा गया है. कुछ के सामान्य घाव हैं, तो कुछ के गंभीर हैं. सभी से निवेदन है कि त्योहार के सीजन में ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें.
पीड़ितों ने बताया अपना दर्द
इधर, पीड़ितों का आरोप है कि कुत्ते के आतंक की शिकायत स्थानीय प्रशासन के साथ सीएम हेल्पलाइन पर भी की गई, लेकिन इसके बावजूद उसे पकड़ने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई. त्योहार के समय बाजार में भीड़ बढ़ने के बीच इस तरह की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. रामेश्वर मालाकार ने बताया कि मैं सब्जी लेकर जा रहा था, तभी अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया था. वहां कोई भी देखने वाला नहीं था.
लोगों ने सुरक्षा की मांग की
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन से आवारा कुत्ते को तत्काल पकड़ने, बाजार क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. सवाल यह है कि छह घंटे में 26 लोगों को घायल करने वाले कुत्ते को पकड़ने के लिए प्रशासन को आखिर कितने और लोगों के घायल होने का इंतजार है?