Last Updated:
Gorakhpur Flight Price : दिवाली और छठ जैसे त्योहार परिवार के साथ खुशियां बांटने के होते हैं. पर इस बार घर पहुंचने के लिए लोगों को महंगे टिकट, लंबी वेटिंग और भीड़ से जूझना पड़ रहा है. किसी को ट्रेन में सीट नहीं मिल रही तो किसी को विमान का किराया चुकाना मुश्किल हो रहा है. बसों में भी जगह और सामान को लेकर परेशानी है. ऐसे में त्योहार की खुशियों के बीच घर पहुंचने का सफर ही लोगों की सबसे बड़ी चिंता बन गया है.
फ्लाइट भी महंगी और ट्रेन में भी जगह नहीं मिल रही. (एआई इमेज)
गोरखपुर: दिवाली-छठ जैसे फेस्टिवल हर कोई अपने परिवार के साथ मनाना चाहता है. दूसरे शहरों में नौकरी और कारोबार करने वाले लोग कई दिन पहले से घर जाने की तैयारी करते हैं. मगर, इस बार घर पहुंचना ही लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों से गोरखपुर आने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हैं. कई ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है तो कुछ में नो-रूम की हालत है. ऐसे में विमान से सफर करने वालों की जेब पर भी भारी बोझ पड़ रहा है. दिल्ली से गोरखपुर पहुंचने वाली एक फ्लाइट का किराया 43 हजार रुपये से ज्यादा है. वहीं, बसों में भी यात्रियों को जगह के लिए परेशान होना पड़ रहा है.
इतना ज्यादा किराया
त्योहार के समय विमानन कंपनियों ने हवाई सफर को भी काफी महंगा कर दिया है. इसका अंदाजा दिल्ली से गोरखपुर आने वाली एक फ्लाइट के किराये से लगाया जा सकता है. शुक्रवार रात 10 बजे दिल्ली से उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट मुंबई और फिर बेंगलुरु होते हुए शनिवार दोपहर करीब दो बजे गोरखपुर पहुंचेगी. यानी यात्रियों को करीब 16 घंटे का सफर करना पड़ेगा. इसके लिए किराया 43 हजार रुपये से अधिक है. दूसरी ओर, गोरखधाम एक्सप्रेस दिल्ली से रात 9:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचा देती है. लेकिन ट्रेन में भी सीट मिलना आसान नहीं है. दिल्ली से गोरखपुर आने वाली सभी सीधी फ्लाइट की सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं.
आज भी नहीं मिल रही सीट
दिल्ली से गोरखपुर और बिहार आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है. शनिवार को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक यात्रियों की काफी भीड़ रही. जनरल कोच में चढ़ने के लिए भी मारामारी की स्थिति बनी रही. कई यात्री भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ तक नहीं सके. सबसे ज्यादा परेशानी वैशाली और गोरखधाम एक्सप्रेस में है. इन ट्रेनों में सीटों को लेकर इतनी मारामारी है कि वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा है. आमतौर पर लोग सोचते हैं कि त्योहार के दिन ट्रेनों में भीड़ कुछ कम हो जाएगी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है. दिवाली के दिन भी दिल्ली और मुंबई से गोरखपुर आने वाली ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार है. कई ट्रेनों में नो-रूम है.
इसकी बड़ी वजह छठ पर्व भी है. दिवाली के बाद 13 से 16 नवंबर तक छठ पूजा मनाई जाएगी. ऐसे में नौकरीपेशा लोग, कारोबारी और छात्र दिवाली के साथ छठ मनाने के लिए भी घर लौट रहे हैं. इस बार प्रमुख ट्रेनों की ऑक्यूपेंसी 200 फीसदी से ज्यादा पहुंच गई है. जबकि 2025-26 में दिवाली के दिन यह 80 से 90 फीसदी के आसपास थी. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु से आने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ है. जिन लोगों को ट्रेन में जगह नहीं मिल रही, वे मजबूरी में बसों का सहारा ले रहे हैं. आर्थिक रूप से सक्षम लोग महंगे किराये पर विमान से सफर कर रहे हैं, जबकि आम यात्रियों के सामने खड़े होकर सफर करने या दूसरे साधन तलाशने की मजबूरी है.
बसों में भी यात्रियों से ज्यादा सामान को मिल रही जगह
ट्रेन और फ्लाइट की परेशानी के बीच बसों में भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है. गोरखपुर रेलवे बस स्टेशन पर शनिवार को पडरौना, कसया और देवरिया जाने वाले लोग बसों में जगह पाने के लिए परेशान रहे. यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक और परिचालक पैसे लेकर बसों के नीचे सामान रखने वाली जगह में व्यापारियों का माल रख रहे हैं. इससे यात्रियों को अपने सामान के साथ बस में बैठने में भी दिक्कत हो रही है.
शनिवार को पडरौना जाने वाली चार बसें प्लेटफॉर्म से रवाना होने से पहले ही भर गईं. जयपुर से ट्रेन के जरिए गोरखपुर पहुंचे रामू को बस में जगह नहीं मिली. आरोप है कि चालक ने उनके सामान का हवाला देकर उन्हें बैठाने से मना कर दिया. वहीं, कुछ देर बाद एक व्यक्ति स्कूटी से बोरे में सामान लेकर पहुंचा. परिचालक ने सामान रखने के लिए 150 रुपये मांगे. पैसे देने के बाद उसका बक्सा बस के नीचे बने कंटेनर में रख दिया गया. इसी तरह दिल्ली से आए चार यात्रियों के पास छोटे-छोटे ड्रम थे. उन्हें भी बस में बैठाने से मना कर दिया गया. मजबूरी में उन्हें ऑटो से जाना पड़ा, जिसके लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़े. जबलपुर से आए अमरीश यादव को फाजिलनगर जाना था. उनके पास एक छोटा ड्रम था. आरोप है कि परिचालक ने उनसे भी सामान रखने के लिए पैसे मांगे.