Kisan Andolan: एक लाख दीपों से जगमग हुआ कालख बांध, ERCP से जोड़ने की मांग, 5 किसानों ने भरी हुंकार

Kisan Andolan: एक लाख दीपों से जगमग हुआ कालख बांध, ERCP से जोड़ने की मांग, 5 किसानों ने भरी हुंकार


जयपुर. राजस्थान के जयपुर ग्रामीण के जोबनेर क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक कालख बांध एक बार फिर एक अनूठे जनआंदोलन का गवाह बना. बांध को पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना से जोड़ने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर कालख बांध भराव संघर्ष समिति के तत्वावधान में भव्य दीपोत्सव और जनसभा का आयोजन किया गया. इस दौरान ग्रामीणों और किसानों ने एक लाख दीप जलाकर सरकार का ध्यान क्षेत्र में गहराते जल संकट की ओर आकर्षित किया. दीपों की रोशनी से पूरा बांध परिसर जगमगा उठा. आयोजन में 5 हजार से अधिक किसान, युवा और ग्रामीण शामिल हुए.

कार्यक्रम के तहत शाम छह बजे तक बांध परिसर में एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए. बांध की पाल और आसपास के क्षेत्र में दूर-दूर तक सजे दीपों ने आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किया. ग्रामीणों का कहना था कि यह दीपोत्सव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि पानी के अधिकार के लिए चलाए जा रहे आंदोलन का प्रतीक है. इसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार को संदेश देने का प्रयास किया गया कि क्षेत्र के किसानों और आम नागरिकों को सिंचाई और पेयजल के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है.

रामलीला के मंचन के बाद रावण के पुतले का दहन

दीपोत्सव के बाद भगवान श्रीराम और लंकापति रावण के बीच हुए धर्मयुद्ध के प्रसंग का मंचन किया गया. इसके बाद शाम सात बजे बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन में धार्मिक उत्साह के साथ क्षेत्र के पानी की समस्या को लेकर लोगों में एकजुटता भी देखने को मिली.

17 तहसीलों के गांवों में जल संकट का मुद्दा उठा

संघर्ष समिति के अनुसार क्षेत्र की 17 तहसीलों के सैकड़ों गांवों में भूजल स्तर लगातार गिर रहा है. इसके चलते किसानों को खेती के लिए पानी जुटाने में परेशानी हो रही है. वहीं ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट भी गंभीर होता जा रहा है. किसानों का कहना है कि यदि कालख बांध को पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना से जोड़कर इसमें पानी पहुंचाया जाता है तो क्षेत्र के भूजल स्तर में सुधार होने के साथ सिंचाई और पेयजल की समस्या से भी काफी राहत मिल सकती है.

मांग पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन

कालख बांध भराव संघर्ष समिति के अध्यक्ष पेमाराम सेपट और उपाध्यक्ष दुर्गा लाल कुमावत ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के जल अधिकारों की आवाज है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कालख बांध को पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना से जोड़कर पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो आने वाले समय में क्षेत्र में जल संकट और गंभीर हो सकता है. इसका सीधा असर खेती और ग्रामीण जनजीवन पर पड़ेगा.

5 हजार से अधिक ग्रामीणों ने एकजुट होकर उठाई आवाज

कार्यक्रम में आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान, युवा और ग्रामीण पहुंचे. बांध की पाल पर उमड़े जनसैलाब ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि कालख बांध को जल्द से जल्द नदी तंत्र और नहर परियोजना से जोड़ा जाए. समिति पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा. आयोजन के अंत में समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों, किसानों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया.



Source link