नैनीताल. उत्तराखंड के पहाड़ों में दीपावली का त्योहार सिर्फ दीप जलाने, मिठाइयां बांटने और आतिशबाजी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां सदियों पुरानी लोक परंपराओं, आस्था और प्रकृति से जुड़े रीति-रिवाजों के साथ दिवाली मनाई जाती है. कुमाऊं में दीपावली मनाने का अंदाज अपने आप में बेहद खास है. यहां गन्ने से मां लक्ष्मी का प्रतीकात्मक स्वरूप तैयार किया जाता है. घरों की देहरी पर पारंपरिक ऐपण सजाए जाते हैं और महालक्ष्मी पूजन के अगले दिन रिश्तेदारों व पड़ोसियों को पैणा देकर दीपावली की शुभकामनाएं दी जाती हैं. यही परंपराएं पहाड़ों की दिवाली को एक अलग पहचान देती हैं.
कुमाऊं में महालक्ष्मी पूजन के दिन गन्ने से मां लक्ष्मी का प्रतीकात्मक स्वरूप बनाने की विशेष परंपरा है. इसके लिए सबसे पहले गन्नों को काटकर एक विशेष ढांचा तैयार किया जाता है. इसके बाद इसे पराद में स्थापित किया जाता है. गन्ने से बने इस ढांचे के ऊपर मां लक्ष्मी का मुखौटा लगाया जाता है और कुमाऊंनी शैली में उनका श्रृंगार किया जाता है. पूजा की चौकी पर खील, खिलौने, बताशे, रुपये और कलश रखे जाते हैं. कुल्हड़ और दीपक भी सजाए जाते हैं. नैनीताल की स्थानीय निवासी विधि लोकल 18 से बताती हैं कि पहले गन्ना बेचने वाले लोग घर-घर जाकर गन्ने बेचा करते थे, लेकिन अब समय के साथ इस परंपरा में बदलाव आया है. लोग बाजार से गन्ने खरीदकर घर लाते हैं और उनसे मां लक्ष्मी का स्वरूप तैयार करते हैं. पहले नींबू की मदद से मां लक्ष्मी का मुख बनाया जाता था, लेकिन अब बाजार में देवी के आकर्षक मुखौटे उपलब्ध हैं. उनका मानना है कि मां लक्ष्मी को गन्ना प्रिय है, इसलिए कुमाऊं में गन्ने से उनका स्वरूप बनाने की परंपरा चली आ रही है.
ऐपण से सजती है घरों की देहरी
पहाड़ों की दीपावली में ऐपण का भी विशेष महत्व है. दिवाली से कई दिन पहले ही महिलाएं घरों की साफ-सफाई और सजावट में जुट जाती हैं. घरों की देहरी, आंगन और पूजा स्थल पर पारंपरिक कुमाऊंनी लोककला ऐपण बनाई जाती है. लाल और सफेद रंगों से सुंदर आकृतियां उकेरी जाती हैं. इनमें मां लक्ष्मी के पदचिह्न भी बनाए जाते हैं, ताकि घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का आगमन हो. विधि बताती हैं कि पहले महिलाएं चावल के बिस्वार और गेरू की मदद से हाथों से ऐपण बनाया करती थीं, लेकिन अब बाजार में ऐपण के आकर्षक स्टीकर भी उपलब्ध हैं. लोग अपनी सुविधा के अनुसार इनका इस्तेमाल कर रहे हैं. इस तरह समय के साथ ऐपण बनाने का तरीका बदला है, लेकिन इस लोककला के प्रति लोगों की आस्था आज भी कायम है.
पैणा देने से बढ़ता आपसी प्रेम
कुमाऊं की दिवाली में पैणा देने की परंपरा भी बेहद खास है. महालक्ष्मी पूजन की रात लोग एक-दूसरे के घर जाकर गन्ने से बनी मां लक्ष्मी के स्वरूप के दर्शन करते हैं. इस दौरान एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दी जाती हैं और मिठाइयां बांटी जाती हैं. इसके अगले दिन पड़ोसियों, रिश्तेदारों और परिचितों को पैणा दिया जाता है. इसमें खील, खिलौने, बताशे और मिठाइयां शामिल होती हैं. यह परंपरा केवल मिठाई बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के बीच आपसी मेल-मिलाप, प्रेम और भाईचारे को भी मजबूत करती है.
अधूरी है दिवाली
कुमाऊं की दीपावली में पारंपरिक पहाड़ी पकवानों का भी खास महत्व है. इस मौके पर घरों में कई तरह के पकवान तैयार किए जाते हैं. इनमें सूजी से बनने वाले सिंगल प्रमुख हैं. इन्हें विशेष तौर पर तैयार कर मां लक्ष्मी को भोग लगाया जाता है. घरों और मंदिरों को फूल-मालाओं, तोरण और दीपों से सजाया जाता है. कुमाऊं की दीपावली आधुनिकता के बीच भी अपनी सांस्कृतिक पहचान को संजोए हुए है. गन्ने से मां लक्ष्मी का स्वरूप बनाना, देहरी पर ऐपण उकेरना, पैणा बांटना और पारंपरिक पकवान तैयार करना ऐसी परंपराएं हैं, जो पहाड़ों की दिवाली को खास बनाती हैं.