Last Updated:
Patna Maner Encounter News: पटना के मनेर शेरपुर एनकाउंटर पर सियासत तेज हो गई है. राजद के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने पुलिस और सिस्टम पर सवाल उठाते हुए मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को टारगेट करने का आरोप लगाया है. वहीं मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा है कि अपराधियों को जाति के चश्मे से देखना बंद करे विपक्ष. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
बिहार में एनकाउंटर पर भाई वीरेंद्र का सरकार पर गंभीर आरोप.
पटना. बिहार की राजधानी पटना के मनेर में पुलिस एनकाउंटर को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है. आरजेडी के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की. भाई वीरेंद्र ने पटना एनकाउंटर को लेकर पुलिस और व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिहार में मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. पूरे मामले की जांच होनी चाहिए. वहीं, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि अपराधियों को जाति के चश्मे से देखना बंद करना चाहिए.
क्या बोले भाई वीरेंद्र?
भाई वीरेंद्र ने कहा कि एनकाउंटर हो रहे हैं तो निश्चित तौर पर यह गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. लोगों को जबरन मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है और उनकी जमानत भी नहीं होने दी जा रही है. उन्होंने कहा कि अगर कोई असली अपराधी पुलिस पर गोली चलाता है और जवाबी कार्रवाई में उसका एनकाउंटर होता है तो उस पर कुछ नहीं कहना है. लेकिन निजी रंजिश के कारण किसी का नाम केस में डालकर उसे अपराधी नहीं कहा जा सकता. भाई वीरेंद्र ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती, लेकिन एनकाउंटर जाति देखकर नहीं होना चाहिए. पूरे मामले की जांच होनी चाहिए.
मंत्री का पलटवार- अपराधियों को जाति के चश्मे से न देखें
वहीं, एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के सवालों पर मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अपराधियों को जाति के चश्मे से देखना बंद करना चाहिए. बिहार में अपराध नियंत्रण के लिए सरकार ने पुलिस को पूरी छूट दी है. मंत्री ने विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब एनकाउंटर होता है तो विपक्ष सवाल उठाता है और जब अपराध बढ़ता है तो सरकार को घेरता है.
जेडीयू की हार और कमेटी पर बोले- थोड़ा इंतजार कीजिए
बता दें कि इसी बातचीत में एमएलसी चुनाव में जेडीयू प्रत्याशियों की हार और कमेटी बनाए जाने से जुड़े सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए. उन्होंने नीतीश कुमार और निशांत कुमार का जिक्र करते हुए दावा किया कि चुनाव में किसने खेल किया, यह सब सामने आ चुका है. आरजेडी विधायक ने कहा कि बिहार में फिर खेला होगा. उन्होंने अपने बयान के जरिए आने वाले दिनों में राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भी संकेत दिए.
राहुल गांधी और भाई वीरेंद्र पर भी साधा निशाना
प्रमोद चंद्रवंशी ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहस करने से पहले उन्हें बीजेपी के जिला अध्यक्ष से बहस करनी चाहिए. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा और कहा कि पार्टी को बचाना है तो सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुक्त करना होगा. मंत्री ने आरोप लगाया कि दोनों देश को बांग्लादेश बनाने की कोशिश कर रहे हैं और षड्यंत्र रच रहे हैं. भाई वीरेंद्र के बयान पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश में कहां जाकर रहेंगे, इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है. उन्होंने भाई वीरेंद्र पर भी तंज कसते हुए कहा कि पहले अपना ठिकाना खोज लें.