Last Updated:
यूपी चुनाव 2027 से पहले अचानक राज्य की राजनीति नई करवट लेने वाली है. 34 साल बाद एक बार फिर अयोध्या में बदलने वाली सियासत. सपा सुप्रीमो और राज्य के पूर्व सीएम अखिलेश यादव परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने 12 दिसंबर को पहुंच रहें. जानें मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव तक अयोध्या का कनेक्शन और इसके सियासी मायने.
सपा अखिलेश यादव
लखनऊ. यूपी चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा धमाका होने वाला है. यूपी के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव 12 दिसंबर 2026 को श्रीरामलला का दर्शन करेंगे. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे. हनुमानगढ़ी में भी माथा टेकेंगे. सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने छोटी दीपावली के अवसर पर इस तारीख का ऐलान किया है. यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से ठीक पहले अखिलेश का यह दौरा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सपा की राजनीतिक छवि और अयोध्या के साथ उसके रिश्ते के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आखिरकार रामलला के दर्शन का कार्यक्रम तय कर लिया है. वह 12 दिसंबर, शनिवार को अयोध्या पहुंचेंगे. इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद रहेंगे. अखिलेश हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन करेंगे और राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के सामने शीश झुकाएंगे.
इस कार्यक्रम का ऐलान सपा नेता तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने किया है. पिछले दिनों अयोध्या दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने पवन पांडेय को ही रामलला के दर्शन के लिए तारीख तय करने की जिम्मेदारी दी थी. अब छोटी दीपावली के मौके पर पवन पांडेय ने 12 दिसंबर की तारीख घोषित कर दी है.
इस घटनाक्रम को समझने के लिए समाजवादी पार्टी की अयोध्या से जुड़ी राजनीति के पिछले 36 वर्षों पर नजर डालना जरूरी है. एक तरफ 1990 में मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान कारसेवकों पर पुलिस की गोली चली थी, तो दूसरी तरफ अब उनका बेटा रामलला के दर्शन करने जा रहा है. इस बदलाव के बीच 2027 का विधानसभा चुनाव भी है.