Last Updated:
धनुष की फिल्म ‘ओम’ के ऑडियो लॉन्च इवेंट के दौरान वेन्यू पर अफरा-तफरी मच गई थी. एक्टर को जैसे ही इस बात की जानकारी हुई उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर कर फैंस से माफी मांगी. धनुष ने कहा कि वो घटना की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं और माफी मांगना चाहते हैं.
धनुष ने ‘ओम’ के ऑडियो लॉन्च इवेंट पर अफरा-तफरी हो गई थी.
नई दिल्ली. साउथ सिनेमा के लोकप्रिय एक्टर धनुष अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1 – उधिराम : द ब्लड वुड’ को लेकर चर्चा में हैं. हालांकि, इस बार वह अपनी फिल्म के बजाय उसके ऑडियो लॉन्च इवेंट में हुई अव्यवस्था को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं. शुक्रवार को आयोजित फिल्म के ऑडियो लॉन्च इवेंट में हजारों फैंस को वैध टिकट और पास होने के बावजूद प्रवेश नहीं मिल सका. कार्यक्रम स्थल के बाहर मची अफरातफरी के बाद धनुष ने खुद सामने आकर फैंस से माफी मांगी और इस पूरी घटना की जिम्मेदारी ली.
फिल्म का ऑडियो लॉन्च इवेंट साईराम इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित किया गया था. अपने पसंदीदा सितारे धनुष को देखने और उनकी अपकमिंग फिल्म से जुड़ी झलकियां पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस कार्यक्रम में पहुंचे थे. कई प्रशंसकों के पास इवेंट में शामिल होने के लिए वैध टिकट और प्रवेश पास भी थे. लेकिन कार्यक्रम स्थल पर उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ जमा होने और व्यवस्थाएं बिगड़ने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर हजारों लोगों को अंदर जाने से रोक दिया गया.
धनुष ने मांगी माफी
इस घटना से नाराज और निराश फैंस को बिना कार्यक्रम में शामिल हुए वापस लौटना पड़ा. देखते ही देखते आयोजन स्थल के बाहर अव्यवस्था का माहौल बन गया. जब धनुष तक इस घटना की जानकारी पहुंची, तो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी.
X@
Dhanush
धनुष ने ली घटना की जिम्मेदारी
एक्टर ने लिखा, ‘मुझे इस बात का बहुत दुख है कि हाथ में टिकट होने के बावजूद हजारों फैंस अंदर नहीं आ सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा. मैं पूरी जिम्मेदारी लेता हूं और खेद व्यक्त करता हूं. यह सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेदारी है कि ऐसा दोबारा न हो’.
क्या है फिल्म ‘ओम’ की कहानी?
धनुष की अपकमिंग फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1 – उधिराम : द ब्लड वुड’ एक भारतीय एक्शन ड्रामा फिल्म है जो कई भाषाओं में रिलीज होगी. फिल्म ‘ओम चैप्टर 1’ तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी. फिल्म की कहानी लाल चंदन की अवैध तस्करी, जंगलों में वर्चस्व की लड़ाई और व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द बुनी गई है. इसकी कहानी एक ऐसे शख्स की जिंदगी को दिखाती है, जो तिरुवन्नामलाई के जंगलों में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तमिल लकड़हारों को बचाने के लिए आगे आता है.
फिल्म का निर्देशन राजकुमार पेरियासामी कर रहे हैं. इसमें धनुष के साथ ममूटी, साई पल्लवी, श्रीलीला, नसीरुद्दीन शाह और इंद्रांस जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे. फिल्म का निर्माण धनुष के प्रोडक्शन हाउस वंडरबार फिल्म्स और श्रद्धा अग्रवाल के आर टेक स्टूडियोज के बैनर तले किया जा रहा है.