Last Updated:
Celebrities Diwali: दिवाली का त्योहार बॉलीवुड सितारों के लिए भी कई यादगार किस्से समेटे रहता है. किसी के लिए यह परिवार के साथ खुशियां बांटने का मौका होता है तो किसी के लिए बचपन की शरारतों को याद करने का. कपूर खानदान की दिवाली भी हमेशा खास रही है. इस दौरान रणबीर कपूर ने अपने बचपन का एक ऐसा किस्सा सुनाया था, जिसे याद कर आज भी उनके चेहरे पर हंसी आ जाती है.
रणबीर कपूर ने दिवाली का किस्सा शेयर किया था. फोटो-रेडिट
नई दिल्ली. दिवाली का त्योहार आते ही बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं. कभी परिवार के साथ पूजा करने की याद तो कभी त्योहार पर हुई शरारतें चेहरे पर मुस्कान ले आती हैं. बॉलीवुड के कपूर परिवार के लिए भी दिवाली हमेशा से खास रही है. इस परिवार में त्योहारों को लेकर कई परंपराएं रही हैं. लेकिन एक बार दिवाली के मौके पर कुछ ऐसा हुआ था, जिसे ‘रामायण’ के राम यानी रणबीर कपूर आज भी नहीं भूल पाए हैं. बचपन में उनसे एक ऐसी गलती हो गई थी, जिसकी वजह से उन्हें अपने पिता से ऐसी सजा मिली कि उसका जिक्र करते हुए भी वह हंसने लगे थे. दिलचस्प बात यह है कि रणबीर ने बताया था कि पिता ऋषि कपूर ने उन्हें जिंदगी में सिर्फ एक बार इतनी जोर से मारा था.
रणबीर कपूर ने यह किस्सा नेटफ्लिक्स के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के पहले एपिसोड में सुनाया था. इस दौरान उनके साथ मां नीतू कपूर और बहन रिद्धिमा कपूर साहनी भी मौजूद थीं. बातचीत के दौरान रणबीर अपने दिवंगत पिता ऋषि कपूर को याद कर रहे थे. उन्होंने बताया कि उनके पिता काफी धार्मिक स्वभाव के थे और पूजा-पाठ से जुड़े नियमों को लेकर बेहद सख्त रहते थे. घर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों और त्योहारों की परंपराओं का पालन करना उनके लिए बहुत जरूरी था.
दिवाली पूजा के दौरान हुई थी रणबीर से गलती
इसी बातचीत में रणबीर ने बचपन का एक ऐसा किस्सा साझा किया, जो दिवाली पूजा से जुड़ा हुआ था. उन्होंने बताया कि यह घटना मुंबई स्थित परिवार के मशहूर आरके स्टूडियोज की है. उस वक्त उनकी उम्र महज आठ या नौ साल थी. स्टूडियो में दिवाली की पूजा हो रही थी. इसी दौरान वह चप्पल पहने हुए मंदिर के अंदर चले गए. उन्हें शायद उस वक्त इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी यह छोटी-सी गलती पिता को इतना नाराज कर देगी.
सिर पर पड़ी थी जोरदार चपत
रणबीर ने बताया कि जैसे ही ऋषि कपूर ने उन्हें चप्पल पहनकर मंदिर के अंदर आते देखा, वह नाराज हो गए. इसके बाद उन्होंने रणबीर के सिर पर जोर से चपत लगा दी. इस घटना को याद करते हुए रणबीर ने कहा था, ‘मुझे एक ही बार बहुत जोर की पड़ी थी. दिवाली पूजा आरके स्टूडियोज में थी. पापा बहुत धार्मिक थे. मैं शायद आठ या नौ साल का था. मैं चप्पल पहनकर मंदिर के अंदर चला गया था तो मुझे चपत पड़ी थी.’ रणबीर ने यह भी साफ किया था कि उनके पिता ने उन्हें जिंदगी में सिर्फ एक बार इतनी जोर से मारा था.
मां नीतू कपूर को लेकर भी किया था खुलासा
शो में बातचीत सिर्फ ऋषि कपूर तक सीमित नहीं रही थी. रणबीर ने मजाकिया अंदाज में अपनी मां नीतू कपूर को लेकर भी एक दिलचस्प बात बताई थी. उन्होंने कहा था कि बचपन में उन्हें पिता के मुकाबले मां से ज्यादा मार पड़ती थी. यहां तक कि एक बार नीतू कपूर ने उन्हें हैंगर से भी मारा था. रणबीर की यह बात सुनकर शो में मौजूद लोग हंसने लगे थे. नीतू कपूर ने भी इस बातचीत में अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दी थी.
2020 में दुनिया को अलविदा कह गए थे ऋषि कपूर
बता दें कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का अप्रैल 2020 में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया था. उनके जाने से कपूर परिवार के साथ-साथ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को भी बड़ा झटका लगा था. रणबीर कई मौकों पर अपने पिता को याद कर चुके हैं. उन्होंने पहले भी बताया है कि पिता को खोने के बाद उनकी जिंदगी और रिश्तों को देखने का नजरिया बदल गया. पिता के साथ बिताए बचपन के पल आज उनके लिए बेहद कीमती हैं.
‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं रणबीर कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड पार्ट 1’ को लेकर सुर्खियों में हैं. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म में साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में हैं. वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आ रहे हैं. यह दो भागों में बनने वाली एक महत्वाकांक्षी फिल्म है, जिसके भव्य सेट, विजुअल इफेक्ट्स और स्टारकास्ट को लेकर काफी चर्चा है. फिल्म ने दो दिनों में 221.05 करोड़ रुपये कमा लिए हैं.