80 साल पहले ब्रिटेन के पास डूबा अमेरिकी जहाज, लदा है 1400 टन बारूद, अब क्यों मंडराने लगा महाविस्फोट का खतरा?


Last Updated:

दूसरे विश्व युद्ध के दौरान 1944 में ब्रिटेन के तट के पास डूबे अमेरिकी जहाज SS Richard Montgomery में आज भी करीब 1400 टन बिना फटा गोला-बारूद मौजूद है. जहाज के कमजोर होते ढांचे और तीन मस्तूलों के गिरने से विस्फोट का खतरा था. इसी आशंका को कम करने के लिए इंजीनियरों ने तीनों मस्तूल हटा दिए हैं. हालांकि, जहाज के आसपास समुद्री आवाजाही और हवाई उड़ानों पर प्रतिबंध अब भी जारी रहेगा.

Top Deals Inside

80 साल पहले UK के पास डूबा US का जहाज, लदा है 1400 टन बारूद, क्या है खतरा?Zoom

पानी में डूबा जहाज. (AI जेनेरेटेड इमेज)

समंदर की गहराई में डूबा एक जहाज पिछले 80 साल से हजारों टन विस्फोटकों के साथ किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है. यह कोई कहानी नहीं, बल्कि ब्रिटेन के तट के पास पड़ा अमेरिकी जहाज SS रिचर्ड मोंटगोमरी है. दूसरे विश्व युद्ध के दौरान डूबे इस जहाज में आज भी करीब 1,400 टन बिना फटे गोला-बारूद मौजूद है. डर था कि जहाज के ऊपर पानी से बाहर दिखाई देने वाले तीन विशाल मस्तूल कमजोर होकर कभी भी गिर सकते हैं. अगर वे जहाज के अंदर रखे विस्फोटकों पर गिरते, तो बड़ा धमाका हो सकता था. इसी खतरे को कम करने के लिए इंजीनियरों ने अब तीनों मस्तूल हटा दिए हैं. हालांकि, जहाज के अंदर मौजूद बारूद का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है.

80 साल से समंदर में डूबा है बारूद

SS रिचर्ड मोंटगोमरी को 1943 में अमेरिका के फ्लोरिडा के जैक्सनविल में बनाया गया था. यह दूसरे विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटेन के लिए करीब 7,000 टन गोला-बारूद लेकर जा रहा था. 1944 में जब जहाज टेम्स नदी के मुहाने से गुजर रहा था, तब उसे ब्रिटेन के तटीय शहर शीयरनेस के पास लंगर डालना था. लेकिन जहाज का लंगर अपनी जगह से खिसक गया और यह रेत के एक टीले पर जाकर फंस गया. जहाज से करीब आधा माल उतार लिया गया था, लेकिन इसी दौरान उसके निचले हिस्से यानी ढांचे में दरार आ गई. देखते ही देखते जहाज डूब गया. बाकी बचा विस्फोटक सामान भी उसके साथ समुद्र की तलहटी में चला गया. तब से यह जहाज ब्रिटेन के लिए सुरक्षा की चिंता बना हुआ है. इसे ‘मोंटी’ नाम से भी जाना जाता है.

कुछ इस तरह हटाया गया मस्तूल. (AI जेनेरेटेड इमेज)

जहाज मस्तूल हटाना क्यों जरूरी था?

जहाज के तीनों मस्तूल पानी के ऊपर साफ दिखाई देते थे. दशकों तक ये समुद्र में खड़े रहे, लेकिन समय के साथ जहाज का ढांचा कमजोर होने लगा. इंजीनियरों ने देखा कि जहाज एक तरफ झुक रहा है और उसके आसपास की धातु की संरचना टूटने लगी है. विशेषज्ञों को डर था कि अगर मस्तूल टूटकर नीचे गिरे, तो वे जहाज के अंदर रखे विस्फोटकों पर गिर सकते हैं. इससे धमाका होने का खतरा था. पिछले महीने समुद्री बचाव कंपनी रिजॉल्व मरीन ग्रुप की टीम ने बेहद सावधानी के साथ तीनों मस्तूल हटाने का काम पूरा किया. कंपनी के आर्किटेक्ट नोलन के मुताबिक, जहाज का ढांचा कमजोर हो रहा था और मस्तूल के आसपास के हिस्से भी टूटने लगे थे. ऐसे में उन्हें हटाना जरूरी हो गया था.

मस्तूल कैसे हटाया गया?

मस्तूल हटाने का काम सामान्य समुद्री मरम्मत जैसा नहीं था. जहाज के अंदर हजारों टन विस्फोटक मौजूद थे. इसलिए बचाव टीम को इस बात का खास ध्यान रखना था कि काम के दौरान कोई तेज कंपन पैदा न हो. सबसे पहले रडार, मैग्नेटोमीटर और सोनार की मदद से समुद्र के भीतर जहाज की स्थिति और उसके ढांचे का अध्ययन किया गया. इसके बाद विशेष उपकरणों के जरिए ऑपरेशन की तैयारी हुई. गोताखोरों ने डायमंड वायर यानी बेहद मजबूत काटने वाले तार की मदद से मस्तूलों को धीरे-धीरे काटा. टीम के सदस्य बारी-बारी से काम करते रहे, ताकि जहाज के कमजोर हिस्से पर ज्यादा दबाव न पड़े. अधिकारियों के मुताबिक, मस्तूल अभी भी अच्छी स्थिति में थे, लेकिन उनके आसपास जहाज का स्टील का ढांचा इतना कमजोर हो चुका था कि वह लगभग कागज जैसा पतला रह गया था.

जहाज में कौन-कौन से विस्फोटक मौजूद हैं?

जहाज में अब भी कितना और किस तरह का गोला-बारूद मौजूद है, इसकी पूरी जानकारी नहीं है. हालांकि, एक रक्षा एजेंसी की रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया था कि जहाज में 2,000 से ज्यादा क्लस्टर बम, सफेद फॉस्फोरस वाले धुएं के गोले और करीब 300 बेहद शक्तिशाली बम हो सकते हैं. इनमें कुछ बमों का वजन करीब 900 किलोग्राम तक बताया गया है. यही वजह है कि जहाज को ब्रिटेन के आसपास के इलाकों के लिए संभावित खतरा माना जाता है. हालांकि, अगर इसमें धमाका होता है तो कितना बड़ा नुकसान होगा, इस पर विशेषज्ञों की राय अलग-अलग है. 2004 की एक रिपोर्ट में आशंका जताई गई थी कि जहाज में विस्फोट होने पर छोटी सुनामी जैसी लहर उठ सकती है. विस्फोट से मलबा करीब 3 किलोमीटर की ऊंचाई तक उछल सकता है और शीयरनेस शहर की लगभग सभी खिड़कियां टूट सकती हैं.



Source link