Last Updated:
Ceiling Fan Cleaning Tips: दिवाली पर साफ-सफाई का काम बहुत ज्यादा होता है. ऐसे में भागा-दौड़ी में अक्सर फैन की सफाई रह जाती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो यहां बतायी ट्रिक जरूर आजमाएं. इससे आप आसानी से सीलिंग फैन की सफाई मिनटों में कर सकते हैं. साथ ही कचरा भी आसपास नहीं फैलता है.
दिवाली की सफाई में सीलिंग पर लटके पंखे अक्सर क्लीनिंग के लिए रह जाते हैं. ऐसे में लास्ट मिनट पर टेंशन सिर्फ पंखे के सफाई की ही नहीं होती है, बल्कि इसे साफ करते समय इसके कचरे के फैलने का भी रिस्क होता है. दरअसल, पंखे के ब्लेड पर महीनों से धूल जमी होती है, जो साफ करते समय नीचे गिरने लगती है और इससे बेड, सोफा और फर्श गंदे हो जाते हैं. ऐसे में पंखा साफ करने के बाद दोबारा पूरे कमरे की सफाई करनी पड़ती है.
अगर आप भी इस परेशानी से बचना चाहते हैं, तो एक आसान घरेलू तरीका अपना सकते हैं. इसके लिए आपको किसी महंगे क्लीनिंग टूल या खास सामान की जरूरत नहीं होगी. घर में रखा पुराना पिलो कवर यानी तकिए का खोल आपके काम आ सकता है. इस ट्रिक की मदद से पंखे के ब्लेड पर जमी धूल कपड़े के अंदर ही जमा हो जाएगी और नीचे नहीं गिरेगी. आइए जानते हैं पिलो कवर ट्रिक से सीलिंग फैन साफ करने का आसान तरीका.
क्या है पिलो कवर ट्रिक?
पिलो कवर ट्रिक में पुराने तकिए के कवर का इस्तेमाल करके पंखे के ब्लेड साफ किए जाते हैं. इसके लिए कवर को एक-एक ब्लेड के ऊपर चढ़ाकर धीरे-धीरे अपनी तरफ खींचना होता है. इससे ब्लेड पर जमी धूल कवर के अंदर ही जमा हो जाती है और आसपास गंदगी नहीं फैलती.
पिलो कवर से ऐसे साफ करें सीलिंग फैन
- पंखा साफ करने से पहले दीवार के स्विच या मेन पावर से बिजली बंद कर दें. सुरक्षा के लिहाज से यह सबसे जरूरी है.
- अब घर में रखा साफ या पुराना तकिए का कवर लें. इसे पंखे के एक ब्लेड के ऊपर पूरी तरह चढ़ा दें.
- अब कवर को दोनों तरफ से हल्के हाथों से पकड़कर अपनी तरफ खींचें. इससे ब्लेड की धूल कपड़े के अंदर ही जमा हो जाएगी.
- इसी तरीके से पंखे के बाकी ब्लेड की सफाई भी करें. इसके बाद कवर को बाहर झाड़कर धोने के लिए रख दें.
- अगर ब्लेड पर तेल या चिकनाई जमी है, तो माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्के साबुन वाले पानी में भिगोकर निचोड़ लें. इससे ब्लेड साफ करें और फिर सूखे कपड़े से पोंछ दें.
- सफाई शुरू करने से पहले पंखे के नीचे पुराना अखबार या बेडशीट बिछा दें. इससे थोड़ी-बहुत धूल गिरने पर फर्श गंदा नहीं होगा.
इन बातों का रखें ध्यान
पंखे के ब्लेड पर बहुत ज्यादा पानी न डालें. सीढ़ी या स्टूल का इस्तेमाल करते समय किसी की मदद लें. मोटर और रेगुलेटर वाले हिस्से को पानी से दूर रखें. सफाई के बाद पंखे को पूरी तरह सूखने दें और फिर ही बिजली चालू करें.