Last Updated:
दिलजीत दोसांझ इन दिनों ऑरा इंडिया टूर 2026 कर रहे हैं. इंदौर में 15 नवंबर को लाइव कॉन्सर्ट होगा. इस कॉन्सर्ट से पहले उनके कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. धमकियों के बीच दिलजीत ने वीडियो जारी कर कहा कि वह किसी भी हाल में इंदौर आएंगे और सबसे पहले पोहा खाएंगे. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नई आयोजक एजेंसी को अनुमति देने की बात कही है.
दिलजीत दोसांझ इंदौर में 15 नवंबर को लाइव कॉन्सर्ट करेंगे. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम @diljitdosanjh)
रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता, इंदौर. पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड एक्टर दिलजीत दोसांझ का इंदौर में होने वाला कॉन्सर्ट अब तय कार्यक्रम के मुताबिक 15 नवंबर को होगा. कॉन्सर्ट को लेकर चल रहे विवाद और खालिस्तानी आर्मी की धमकियों के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नई आयोजक एजेंसी को कार्यक्रम कराने की अनुमति देने की बात कही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नए नियमों का पालन करते हुए कॉन्सर्ट अच्छे से कराया जाए और किसी को बेवजह परेशान न किया जाए. वहीं, दिलजीत ने भी वीडियो शेयर कर इंदौर कॉन्सर्ट में आने की बात कही है. “उन्होंने विरोधियों को चेतावनी भी दी और कहा, जो मेरे लिए संकट खड़ा करेगा, मैं उसके लिए संकट बन जाऊंगा.”
महापौर ने डबल टैक्सेशन के विवाद पर भी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि मौजूदा कॉन्सर्ट नई एजेंसी आयोजित कर रही है, इसलिए उसे नए नियमों के मुताबिक काम करने की अनुमति दी गई है. वहीं, पुरानी आयोजक एजेंसी पर करीब 2 करोड़ रुपये की बकाया राशि है. यह रकम उससे अलग कार्रवाई के तहत वसूली जाएगी. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा, “दिलजीत का शो इंदौर में अच्छे से हो, इसके मैंने निर्देश दिए हैं. अकारण किसी को परेशान नहीं किया जाए, इसके भी निर्देश दिए हैं. डबल टैक्सेशन का जो विषय सामने आ रहा था, उसे भी स्पष्ट किया है. अभी जो एजेंसी कार्यक्रम करा रही है, वह नए नियमों के तहत काम करे. पुरानी एजेंसी ने अगर पैसे नहीं दिए हैं तो उससे अलग कार्रवाई की जाएगी.”
धमकियों के बीच दिलजीत का दो टूक जवाब
कॉन्सर्ट से पहले धमकियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं. इसी बीच दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इंदौर आने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि 15 तारीख को वह इंदौर आ रहे हैं और चाहे कुछ भी हो जाए, उनका इंदौर आने का इरादा नहीं बदलेगा. दिलजीत ने कहा कि वह किसी भी तरह की धमकी से डरने वाले नहीं हैं. इंदौर पहुंचकर सबसे पहले पोहा खाने की बात भी उन्होंने मजाकिया अंदाज में कही. धमकी देने वालों को जवाब देते हुए सिंगर ने कहा कि जो उनके लिए संकट खड़ा करेगा, वह उसके लिए संकट बन जाएंगे.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, कॉन्सर्ट पर नजर
कॉन्सर्ट को लेकर मिली धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है. अब 15 नवंबर को होने वाले इस लाइव शो पर सभी की नजरें टिकी हैं. एक तरफ प्रशासन कार्यक्रम को नए नियमों के तहत संपन्न कराने की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ दिलजीत के बेबाक वीडियो ने उनके प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा दिया है.