Last Updated:
Chocolate Business Idea: अगर आप कम निवेश में नया बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो शुद्ध चॉकलेट बनाने का कारोबार एक अच्छा विकल्प हो सकता है. भारत में चॉकलेट का बाजार करीब 25 हजार करोड़ रुपए का है और प्रीमियम व शुद्ध कोको चॉकलेट की मांग भी बढ़ रही है. आंध्र प्रदेश के युवा कारोबारी प्रवीण ने इसकी शुरुआत केवल 6 सांचों से की थी. साल 2024 में उन्होंने रेयर कोको नाम से अपना ब्रांड स्थापित किया. आज वे 300 से अधिक तरह के मोल्ड्स से अलग-अलग चॉकलेट तैयार कर रहे हैं. इस बिजनेस की खासियत है कि छोटे स्तर पर करीब 10 लाख रुपए से शुरुआत की जा सकती है, जबकि बड़े स्तर पर यूनिट लगाने के लिए लगभग 2 करोड़ रुपए तक का निवेश लग सकता है.
हैदराबाद. चॉकलेट बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद होती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में मिलने वाली ज्यादातर चॉकलेट असली नहीं होतीं? दरअसल, दुकानों पर बिकने वाली अधिकतर सामान्य चॉकलेट कंपाउंड चॉकलेट की श्रेणी में आती है. इनमें असली कोको बीन्स और कोको बटर की जगह सस्ता पाम ऑयल, वनस्पति फैट और अत्यधिक मात्रा में चीनी मिलाई जाती है. यह सेहत के लिए काफी हानिकारक साबित हो सकता है. इसी अंतर को समझते हुए आंध्र प्रदेश के एक युवा कारोबारी ने शुद्ध रेयर कोको चॉकलेट बनाने का सफर शुरू किया, जो आज एक बड़ा ब्रांड बन चुका है.
युवा उद्यमी प्रवीण ने अपने काम की शुरुआत बहुत छोटे स्तर पर चॉकलेट लाइब्रेरी नाम से की थी. उन्होंने बताया कि उस समय उनके पास सिर्फ 6 मोल्ड्स यानी सांचे थे. उन्होंने लोगों को असली और सेहतमंद चॉकलेट का स्वाद चखने का विकल्प दिया. धीरे-धीरे मांग बढ़ी और साल 2024 में उन्होंने इसे रेयर कोको नाम से एक बड़े ब्रांड के रूप में स्थापित किया. आज उनके पास 300 से भी अधिक तरह के मोल्ड्स हैं और वे कई प्रकार की लजीज व शुद्ध चॉकलेट तैयार कर रहे हैं.
किसानों से सीधे खरीदते हैं कच्चा माल
युवा उद्यमी प्रवीण की चॉकलेट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई मिलावट या केमिकल नहीं होता. इसे तैयार करने के लिए मुख्य रूप से तीन चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. जिसमें कोको निब्स, शुद्ध कोको बटर और प्राकृतिक मस्कोवाडो शुगर शामिल है. उन्हाेंने बताया कि कच्चा माल सीधे किसानों से लेते हैं, जिससे खर्च में भी बचत होती है. वहीं बीन्स को प्रोसेस करते समय लगभग 30 प्रतिशत ऊपरी छिलका वेस्टेज के रूप में निकलता है. इसके बाद कहीं जाकर असली कोको तैयार होता है.
25 हजार करोड़ का है भारत में चॉकलेट का बाजार
युवा उद्यमी प्रवीण ने बताया कि इस कारोबार में कमाई के साथ-साथ भविष्य की जबरदस्त संभावनाएं है. देश में चॉकलेट का कुल बाजार लगभग 25,000 करोड़ रुपए का है. उनका मानना है कि यदि कोई नया उद्यमी इस विशाल बाजार का मात्र 1 प्रतिशत हिस्सा भी हासिल कर ले, तो वह करोड़ों का कारोबार आसानी से खड़ा कर सकता है. बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर और यूनिट्स लगाने में करीब 2 करोड़ रुपए का खर्च आता है, लेकिन छोटे स्तर या घर से शुरुआत करने के लिए लगभग 10 लाख रुपए का निवेश काफी है. सही तकनीक, शुद्धता और अच्छी पैकेजिंग के साथ यह बिजनेस युवाओं के लिए एक बेहतरीन और मुनाफेदार विकल्प बन सकता है.