Last Updated:
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की फिल्मोग्राफी में कई ऐसी बेहतरीन फिल्में भी शामिल हैं, जो सिनेमाघरों में तो अपनी छाप नहीं छोड़ सकीं, लेकिन वक्त के साथ दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी हैं. ‘अंदाज अपना अपना’ की बेमिसाल कॉमेडी से लेकर ‘फिर मिलेंगे’, ‘खामोशी’ और ‘अंतिम’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा है. आज हम आपको सलमान खान की 7 अंडररेटेड फिल्मों के बारे में बताते हैं जिनका लुत्फ आप ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर उठा सकते हैं.
नई दिल्ली. सुपरस्टार सलमान खान अब तक कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके हैं, लेकिन उनके करियर में कुछ ऐसी बेहतरीन फिल्में भी हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर उस वक्त कमाल न कर सकीं, मगर उनकी शानदार अदाकारी के लिए हमेशा याद की जाएंगी. ‘अंदाज अपना अपना’ से लेकर ‘फिर मिलेंगे’, ‘खामोशी’, और ‘अंतिम’ जैसी फिल्में साबित करती हैं कि सलमान ने अपने स्टारडम से इतर एक संजीदा एक्टर के रूप में गहरी छाप छोड़ी है. ये 7 अंडररेटेड फिल्में ओटीटी पर धमाल मचा रही हैं.
अंदाज अपना अपना: राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह क्लासिक कॉमेडी फिल्म रिलीज के वक्त भले ही बॉक्स ऑफिस पर ना चली हो, लेकिन आज यह भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती है. सलमान खान (प्रेम) और आमिर खान (अमर) की जुगलबंदी और कॉमिक टाइमिंग बेमिसाल है. सलमान ने इसमें जो मासूमियत और नादानी दिखाई है, वह दर्शकों को लोटपोट कर देती है. यह फिल्म फिलहाल प्राइम वीडियो पर देखने के लिए उपलब्ध है.(फोटो साभार: IMDb)
खामोशी-द म्यूजिकल: संजय लीला भंसाली की बतौर निर्देशक पहली फिल्म ‘खामोशी’ सलमान खान के करियर की सबसे खूबसूरत फिल्मों में से एक है. मूक-बधिर माता-पिता की बेटी के जीवन पर आधारित इस इमोशनल ड्रामा में सलमान ने राज का किरदार निभाया है. वह पूरी फिल्म में मनीषा कोइराला के किरदार के ढाल और सपोर्ट सिस्टम बनकर खड़े रहते हैं. यह बेहतरीन फिल्म ओटीटी जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
क्योंकि: प्रियदर्शन की यह एक साइकोलॉजिकल रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें सलमान खान ने आनंद नाम के एक ऐसे शख्स का किरदार निभाया है जो अपने अतीत के गहरे सदमे की वजह से मानसिक संतुलन खो बैठता है. पागलखाने के माहौल और डॉक्टर बनी करीना कपूर के साथ उसकी प्रेम कहानी फिर शुरू होती है लेकिन जल्द ही खत्म भी हो जाती है. सलमान खान की यह इमोशनल फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर मौजूद है. (फोटो साभार: IMDb)
गर्व-प्राइड एंड ऑनर: इस फिल्म में सलमान खान ने एसीपी अर्जुन राणावत के किरदार में हैं. उन्होंने बहुत सख्त, ईमानदार और सिस्टम की सड़न से लड़ने वाले पुलिस अफसर का रोल निभाया है. फिल्म का ड्रामा और एक्शन बहुत ही रियलिस्टिक है, जहां सलमान ने बिना किसी लाउड एक्टिंग के सिर्फ अपनी आंखों से गुस्सा और जुनून बयां किया है. यह दमदार एक्शन फिल्म प्राइम वीडियो पर है. (फोटो साभार: IMDb)
जान-ए-मन: शिरीष कुंदर की यह फिल्म अपनी विजुअल स्टाइलिंग और अलग तरह की कहानी की वजह से अपने समय से काफी आगे थी. फिल्म ‘जान-ए-मन’ दो दोस्तों- सुहान (सलमान खान) और अगस्त्य (अक्षय कुमार) की कहानी है. सुहान अपनी पूर्व पत्नी पिया (प्रीति जिंटा) को एलिमनी देने से बचने के लिए अगस्त्य की मदद करता है, जो कॉलेज के दिनों से ही पिया से प्यार करता था. सुहान, अगस्त्य को पिया का दिल जीतने में मदद करता है, लेकिन इस प्रक्रिया में उसे अहसास होता है कि वह आज भी पिया से प्यार करता है. यह एक इमोशनल और अनोखी लव स्टोरी है, जो प्राइम वीडियो पर देखने के लिए उपलब्ध है. (फोटो साभार: IMDb)
अंतिम- द फाइनल ट्रुथ: इस फिल्म में सलमान खान एक सरदार पुलिस अफसर (राजवीर सिंह) के रोल में दिखते हैं. इस फिल्म में उन्होंने मेन हीरो होने के बावजूद अपने किरदार को बहुत शांत रखा और कहानी को आगे बढ़ने दिया. उनके वन-लाइनर्स और फाइट सीन्स बेहद असरदार हैं. सलमान खान की यह फिल्म जी5 पर अवेलेबल है. (फोटो साभार: IMDb)
फिर मिलेंगे: रेवती के निर्देशन में बनी यह फिल्म एड्स जैसे संवेदनशील मुद्दे और समाज की सोच पर करारा प्रहार करती है. फिल्म में सलमान खान का रोल बहुत लंबा नहीं है, लेकिन रोहित के किरदार में उन्होंने जो अपराधबोध, दर्द और इंसानियत दिखाई है, वह दिल को छू जाती है. अपनी एक्टिंग के दम पर उन्होंने दर्शकों को भावुक कर दिया था. इस फिल्म का आप प्राइम वीडियो पर लुत्फ उठा सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)