Last Updated:
दीपावली से पहले मध्य प्रदेश के लोगों के लिए खुशखबरी सामने आई है, जब पिछले तीन दिनों से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठे थे, लेकिन मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ हुई बैठक के बाद उनकी हड़ताल खत्म हो गई है. अब एमपी की सड़के फिर से चमकने की उम्मीद है. सफाई कर्मचारियों ने काम पर लौटने का ऐलान भी किया है.
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
त्योहार की आहट के साथ ही जहां पूरे मध्य प्रदेश पर कचरों के ढेर का साया मंडराने लगा था, वहीं अब आम जनता के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. भोपाल सहित पूरे प्रदेश में पिछले तीन दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने और तत्काल प्रभाव से काम पर लौटने का ऐलान कर दिया है.
10 में से 8 मांगों पर बनी सहमति
हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ हुई बैठक बेहद पॉजिटिव रही है. उन्होंने बताया कि यूनियन की कुल 10 प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनमें से 8 मांगों पर सरकार ने अपनी सहमति दे दी है. कर्मचारियों की सबसे अहम मांग’नियमितीकरण’ (स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने) थी. इसको लेकर सरकार ने एक विशेष कमेटी गठित करने का फैसला किया है, जो इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री को रिपोर्ट देगी. इसके बाद फिर ठोस कदम उठाया जाएगा.
क्या थीं सफाई कर्मचारियों की अहम मांगें?
बुधवार से शुरू हुई इस हड़ताल के कारण त्योहार के मौसम में भोपाल सहित कई जिलों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो गई थी. बाजारों, मुख्य सड़कों और गली-मोहल्लों में कचरे के ढेर लग गए थे, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. सफाई कर्मचारियों की अहम मांगों में न्यूनतम वेतन 25000 रुपए करना, वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण करना, सफाई कार्यों में ठेकेदारी व्यवस्था को पूरी तरह खत्म करना और अनुकंपा नियुक्ति देने जैसी मांगें शामिल रही हैं.
कर्मचारियों का कहना था कि कम वेतन और अनिश्चित भविष्य के कारण इस महंगाई में परिवार चलाना और दीपावली मनाना मुश्किल हो गया था. बैठक के बाद मिली इस सहमति से न केवल कर्मचारियों में संतोष है, बल्कि दीपावली की खरीदारी में जुटे आम नागरिकों ने भी राहत की सांस ली है. अब सभी को उम्मीद है कि मध्य प्रदेश की सड़कें फिर से चमक उठेंगी.
भोपाल में जगह-जगह जमा हुई थी गंदगी
कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से राजधानी भोपाल में भी जगह-जगह गंदगी जमा हो गई थी. भोपाल नगर निगम में करीब 14 हजार सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं. हड़ताल के कारण घर-घर कचरा उठाने वाली 400 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी हो गई थीं. इससे विकट स्थिति पैदा हो गई थी, लेकिन अब लोगों ने राहत की सांस ली है.