Last Updated:
दिग्विजय सिंह इस समय सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं. अब उन्होंने बताया है कि वह यह यात्रा क्यों निकाल रहे हैं. इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना भी साधा है. उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव आयोग बहुत ही जरूरी है. लोगों को हक मिले कि उनका नाम वोटर लिस्ट में हो.
दिग्विजय सिंह किन 2 मुद्दों पर निकाल रहे यात्रा
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कई बार ऐसे बयान देते हैं, जो मीडिया की सुर्खिया की बनते हैं. अभी वह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं. जहां यात्रा का पहला चरण पूरा हो चुका है. वह यात्रा को पूरी तरह से गैर राजनीतिक बता रहे हैं. अब उन्होंने बताया है कि वह यात्रा किन दो मुद्दों पर निकाल रहे हैं. उन्होंने कहा कि इसके दो मकसद हैं. पहला लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करना, दूसरा राम मंदिर निर्माण के नाम पर जमा किए गए चंदे का हिसाब मांगना.
दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज उनके सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि देश में लोकतंत्र बचेगा या नहीं. स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव आयोग जरूरी है. उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, वोटर लिस्ट और ईवीएम की का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नागरिकों को यह अधिकार मिलना चाहिए कि उनका वोट मतदाता सूची में दर्ज हो और जिस उम्मीदवार को वे वोट देना चाहते हैं, उनका वोट उसी को जाए.
दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना
दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी लड़ाई चुनाव के नतीजों को लेकर नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों से है. उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि मतदाता को केवल सात सेकेंड के दर्शन की जगह वीवीपैट की पर्ची अपने हाथ में मिलनी चाहिए, ताकि वह स्वयं अपने मतदान की पुष्टि कर सके. उन्होंने ईवीएम के सॉफ्टवेयर को सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां 70 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए और चुनाव के बाद फिर जोड़े गए.
दिग्विजय सिंह ने खुद चंदा देने की कही बात
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दूसरे मकसद पर बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए जमा किए गए चंदे का हिसाब मांगने की उनकी मांग नई नहीं है. उन्होंने बताया कि 1993 में जब वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे, तब भी उन्होंने राम मंदिर के शिलापूजन के लिए जमा किए गए चंदे का हिसाब मांगा था. उस समय उन्होंने स्वयं भी चंदा दिया था.
महंत बाबा लालदास का किया जिक्र
दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि उस दौरान देशभर से करीब 1400 से 1700 करोड़ रुपए चंदा जमा होने की चर्चा थी. लोगों ने चांदी की शिलाएं तक भेंट की थीं, लेकिन उनके मुताबिक रिटर्न में केवल 8.29 करोड़ रुपए की राशि दिखाई गई. उन्होंने तत्कालीन पुजारी महंत बाबा लालदास का भी जिक्र किया, जिन्होंने विश्व हिंदू परिषद से चंदे का हिसाब मांगा था. दिग्विजय सिंह ने कहा कि सितंबर 1993 में उनकी हत्या कर दी गई और आज तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उनकी हत्या किसने की. इस वक्त से वे चंदे का हिसाब मांग रहे हैं और आज भी उनका सवाल वही है- राम भक्त जागो, चंदे का हिसाब मांगो.
(इनपुट: IANS के साथ)