Last Updated:
UP Police Recruitment: उत्तर प्रदेश में धनतेरस के मौके पर 4,543 अभ्यर्थियों को पुलिस की नौकरी मिली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र बांटते समय उनसे भर्ती प्रक्रिया को लेकर तीन सवाल पूछे. उन्होंने 25 हजार शिक्षकों की भर्ती का भी जिक्र किया और कहा कि युवाओं को नौकरी देने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.
योगी ने युवाओं से पूछा- नौकरी के लिए किसी की सिफारिश तो नहीं लगवाई? 4,543 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र.
yogi adityanath 4543 police appointment letters: उत्तर प्रदेश में पुलिस की नौकरी पाने वाले 4,543 युवाओं के लिए धनतेरस का दिन खास बन गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंप दिया है. इस दौरान उन्होंने युवाओं से भर्ती प्रक्रिया को लेकर तीन सीधे सवाल पूछे हैं. सीएम ने जानना चाहा कि क्या नौकरी पाने के लिए किसी ने सिफारिश, लेन-देन या धौंस का सहारा लिया था. उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना सिफारिश और बिना रिश्वत नौकरी देने का सिलसिला जारी रहेगा. जानते हैं पूरी बात.
योगी ने अभ्यर्थियों से पूछे तीन सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में चयनित युवाओं से भर्ती प्रक्रिया को लेकर तीन सवाल पूछे.
- उन्होंने सबसे पहले पूछा कि क्या किसी अभ्यर्थी को नौकरी पाने के लिए सिफारिश करवाने की जरूरत पड़ी थी?
- इसके बाद उन्होंने पूछा कि क्या किसी ने अपने स्तर पर किसी तरह का लेन-देन किया या फिर किसी ने उन्हें पैसे देने का प्रस्ताव दिया था?
- सीएम का तीसरा सवाल था कि क्या किसी ने धौंस दिखाकर नियुक्ति पत्र हासिल करने की कोशिश की थी? इस पर योगी ने कहा कि तीसरी बात तो वह खुद भी नहीं मानते. उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने पर बधाई दी.
धनतेरस पर युवाओं को मिला नौकरी का तोहफा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज धनतेरस के अवसर पर आप सभी को नियुक्ति पत्र मिल रहा है. इसके लिए सभी को बधाई. उन्होंने कहा कि नौजवानों को नौकरी देने का सिलसिला बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके लगातार चलता रहेगा. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ नियुक्ति पत्र अभी रोके जाएंगे. उन्हें तीसरी बार सरकार बनने पर दिया जाएगा. उनके इस बयान के दौरान युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया आगे भी जारी रखने की बात सामने आई.
25 हजार शिक्षकों की भर्ती का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश के युवाओं को बिना सिफारिश, बिना पक्षपात और बिना रिश्वत के नौकरी मिल रही है. अब युवाओं की मेहनत को सम्मान दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही 25 हजार शिक्षकों को भी नियुक्ति पत्र देने वाली है. योगी के मुताबिक, अब तक एक लाख से ज्यादा नौजवानों को नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं. उन्होंने साफ कहा कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी युवाओं को दी बधाई
कार्यक्रम का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन में किया गया. इस मौके पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आज युवाओं को ऐसी जिम्मेदारी मिलने जा रही है, जिसकी कल्पना बहुत से लोगों ने की होगी, लेकिन उन्हें यह अवसर नहीं मिल पाया. उन्होंने कहा कि इन अभ्यर्थियों को बिना किसी सिफारिश और पक्षपात के उनकी योग्यता के आधार पर अवसर मिला है. यह सभी के लिए संदेश है कि जीवन में कठिन मेहनत करने से मनचाहा परिणाम हासिल किया जा सकता है.