Last Updated:
बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी एक बार फिर विवादों में घिर गई है. एक आरटीआई से खुलासा हुआ है कि अटेंडेंट रजिस्टर गायब होने के बाद भी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर्स और अन्य कर्मचारियों की सैलरी जारी की गई. आरटीआई यूनिवर्सिटी के एक पूर्व छात्र ने लगाई है, जिसके चौंकाने वाले जवाब मिले हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि बिना हाजिरी के रिकॉर्ड के सैलरी कैसे जारी की जा सकती है.
बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में घोटाला.
भोपाल. मध्य प्रदेश की बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी पिछले कई महीनों से लगातार विवादों में घिरी हुई है. सितंबर के आखिरी में आरटीआई में खुलासा हुआ था कि यूनिवर्सिटी ने एक कॉन्वेकेशन डे का खर्च बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया और गलत और फर्जी बिल के जरिए लाखों रुपए का हेर-फेर किया. अब आरटीआई के जरिए और एक खुलासा हुआ है. इसमें बताया गया है कि पिछले 35 सालों से एक भी स्टाफ की एबसेंट नहीं लगी है. यानी एक भी दिन ऐसा नहीं गया जिसमें किसी ने छुट्टी ली हो. दरअसल, वहां हाजिरी के रजिस्टर ही गायब थे.
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, एक आरटीआई के जवाब से पता चला है कि 1988 से 2023 के बीच, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी ने बिना आधिकारिक तौर पर हाजिरी दर्ज किए ही शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को वेतन का भुगतान कर दिया. इस दौरान 275 करोड़ रुपये का वेतन बिल पास किया गया, लेकिन विश्वविद्यालय यह नहीं बता पा रहा है कि उसने किस डेटा के आधार पर यह पुष्टि की कि कर्मचारी काम पर आए थे. यह चौंकाने वाला खुलासा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र धर्मेंद्र सिंह द्वारा दायर एक आरटीआई के जवाब में सामने आया है.
कर्मचारियों का रिकॉर्ड नहीं, तो सैलरी किस हिसाब से?
धर्मेंद्र सिंह का आरोप है कि इतने लंबे समय तक इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है. उन्होंने सवाल उठाया, “क्या कक्षाओं में भूत आकर पढ़ा रहे थे? जब कर्मचारियों की हाजिरी का कोई रिकॉर्ड ही नहीं था, तो उन्हें वेतन क्यों दिया गया? यह एक बड़ा घोटाला है, जिसकी गहन जांच होनी चाहिए.”
रजिस्ट्रार ने दिए जांच करवाने के आदेश
इस दौरान विश्वविद्यालय का विस्तार हुआ.1988 में जहां केवल 5 शिक्षक और 5 विभाग थे, वहीं अब यहां 20 विभाग और कुल 40 शिक्षक हैं. इसके अलावा, यहां 21 संविदा शिक्षक और 250 गेस्ट लेक्चरर भी काम करते हैं. अभी विश्वविद्यालय का सालाना खर्च लगभग 13 करोड़ रुपये है. धर्मेंद्र ने मांग की है कि इस बात की जांच हो कि वेतन बिलों को किसने प्रमाणित किया और हाजिरी रिकॉर्ड न होने की स्थिति में डेटा की सत्यता सुनिश्चित करने के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई गई. उन्होंने पूछा, “क्या पढ़ाने के शेड्यूल, कक्षाओं में पढ़ाई, छुट्टी के आवेदनों या विभागीय रिपोर्टों की कभी जांच भी की गई? हमें यह जानना है कि क्या कोई वैकल्पिक रिकॉर्ड मौजूद था, क्या जरूरी नियमों का पालन किया गया, और क्या किसी गड़बड़ी के लिए किसी की जिम्मेदारी तय की जा सकती है?”