नैनीताल: दीपावली का त्योहार आते ही आमतौर पर बाजारों में रौनक बढ़ जाती है. धनतेरस से पहले ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगती है और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन से लेकर मिक्सर और अन्य घरेलू उपकरणों की जमकर खरीदारी होती है. लेकिन इस बार सरोवर नगरी नैनीताल के बाजारों की तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है, त्योहार नजदीक होने के बावजूद बड़ा बाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही काफी कम दिखाई दे रही है. इसका असर कारोबार पर भी पड़ा है. व्यापारियों के मुताबिक इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में करीब 30 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है. वहीं कुछ दुकानदारों का कहना है कि उनका कारोबार पिछले सालों की तुलना में 50 प्रतिशत तक कम हो गया है.
नैनीताल के बड़ा बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकानें त्योहार को लेकर तैयार हैं. दुकानदारों ने टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का स्टॉक भी रखा है, लेकिन ग्राहकों की कमी कारोबारियों की चिंता बढ़ा रही है. पहले दिवाली से कई दिन पहले ही लोग नए इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी शुरू कर देते थे. धनतेरस के दिन दुकानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती थी, लेकिन इस बार त्योहार के दौरान भी बाजार में अपेक्षित भीड़ नजर नहीं आ रही है.
ऑनलाइन शॉपिंग ने बदला खरीदारी का तरीका
कारोबारियों के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आई गिरावट की एक बड़ी वजह ऑनलाइन शॉपिंग है. अब ग्राहक दुकानों पर पहुंचकर सामान देखने के बजाय मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से अलग-अलग कंपनियों के उत्पादों की कीमतों की तुलना कर रहे हैं. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले डिस्काउंट और ऑफर्स के कारण लोग वहीं से खरीदारी करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं. इसका सीधा असर स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर पड़ रहा है. पहले ग्राहक दुकान पर पहुंचकर टीवी, फ्रिज या अन्य उपकरणों की जानकारी लेते थे और दुकानदारों से बातचीत के बाद सामान खरीदते थे. अब ऑनलाइन माध्यम से उत्पादों को खरीदा जा रहा है. इससे स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की संख्या लगातार प्रभावित हो रही है.
महंगाई ने भी बिगाड़ा घरेलू बजट
इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण भी लोग जरूरी खर्चों को प्राथमिकता दे रहे हैं. कई परिवार त्योहार के मौके पर नया सामान खरीदने की योजना तो बनाते हैं, लेकिन बजट को देखते हुए खरीदारी टाल देते हैं. टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे महंगे उत्पादों को खरीदने से लोग फिलहाल बच रहे हैं. इसका असर त्योहार के सीजन में होने वाली बिक्री पर साफ दिखाई दे रहा है.
50 फीसदी तक गिरा कारोबार
नैनीताल के बड़ा बाजार स्थित टेलीविजन सर्विस सेंटर से जुड़ी पूजा ने बताया कि इस बार दिवाली के दौरान कारोबार काफी हल्का चल रहा है. पिछले वर्षों की तुलना में उनके कारोबार में करीब 50 प्रतिशत तक गिरावट आई है. उन्होंने बताया कि पहले दिवाली के दौरान दुकानों पर ग्राहकों की काफी भीड़ रहती थी और लोग त्योहार से पहले ही टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने पहुंचते थे. लेकिन इस बार दिवाली के दौरान भी दुकान पर ग्राहकों की आवाजाही काफी कम है. इसके पीछे महंगाई और ऑनलाइन शॉपिंग का बढ़ता चलन प्रमुख कारण हैं.
बाजार में फिलहाल भले ही कारोबारियों को मायूसी का सामना करना पड़ रहा हो, लेकिन उन्हें धनतेरस से काफी उम्मीदें हैं. व्यापारियों का मानना है कि इस बार वीकेंड होने के चलते नैनीताल में पर्यटकों और स्थानीय ग्राहकों की आवाजाही बढ़ सकती है. इससे बाजार में खरीदारी को रफ्तार मिलने की संभावना है.कारोबारियों को उम्मीद है कि वीकेंड के दौरान बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है.