Last Updated:
Kanpur Police Alert: त्योहारों के दौरान चोरी, लूट, टप्पेबाजी और छिनैती जैसी वारदातों की आशंका को देखते हुए कानपुर पुलिस ने सुरक्षा का घेरा मजबूत किया है. बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है. इसके साथ ही जेल से छूटे अपराधियों और जमानत पर बाहर चल रहे बदमाशों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल
कानपुर : दिवाली और त्योहारों के बीच कानपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट मोड पर है. बाजारों में भीड़, सर्राफा दुकानों पर बढ़ती खरीदारी और देर रात तक होने वाली आवाजाही के बीच पुलिस की नजर अब जेल से छूटे अपराधियों और जमानत पर बाहर चल रहे शातिर बदमाशों पर भी है. स्थानीय खुफिया इकाई यानी LIU को भी सक्रिय किया गया है. पुलिस का मकसद है कि त्योहारों की भीड़ का फायदा उठाकर कोई अपराधी वारदात को अंजाम न दे सके. आंकड़े बताते हैं कि कानपुर पुलिस पहले ही हजारों अपराधियों का सत्यापन कर चुकी है और सैकड़ों को विशेष निगरानी में रखा गया है.
ये हैं आंकड़े
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो इस वर्ष कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने ऑपरेशन शिनाख्त चलाया था. इस अभियान में पांच वर्षों के 4,436 चिह्नित अपराधियों का सत्यापन किया गया. इनमें 1,634 अपराधियों का भौतिक सत्यापन हुआ, जबकि 1,238 अपराधियों के डोजियर तैयार कर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई. हैरानी की बात यह रही कि 292 अपराधी अपने दर्ज पते पर नहीं मिले, जबकि 177 अलग-अलग जेलों में बंद पाए गए. इसी अभियान के दौरान 35 मामलों में गुंडा एक्ट, 15 मामलों में गैंगस्टर एक्ट और 31 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई या संस्तुति की गई. वहीं नवंबर 2026 में कमिश्नरेट के चारों जोन में 1,771 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन और 19 आपराधिक गैंग की पहचान अब तक की गई है. ये आंकड़े बताते हैं कि पुलिस के सामने अपराधियों की निगरानी कितनी बड़ी चुनौती है.
निगरानी में तकनीक का भी इस्तेमाल
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने अब निगरानी में तकनीक का भी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं . व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए और दिव्य दृष्टि योजना के तहत हिस्ट्रीशीटरों की मोबाइल GPS और गूगल लोकेशन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था शुरू की गई थी. वहीं पुलिस का खुफिया तंत्र ऐसे अपराधियों पर भी नजर रख रहा है, जो जेल से बाहर आने के बाद फिर पुराने साथियों और आपराधिक गिरोहों के संपर्क में आ सकते हैं.
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल की क्राइम मीटिंग में भी त्योहारों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं. सर्राफा बाजारों की सुरक्षा बढ़ाने, रात 10 बजे के बाद संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और जेल से छूटे अपराधियों तथा हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है. आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर जैसी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं.