अनंत सिंह कब जाएंगे जेल? कोर्ट से मिली सरेंडर की नई तारीख, धूमधाम से करेंगे बेटी की शादी

अनंत सिंह कब जाएंगे जेल? कोर्ट से मिली सरेंडर की नई तारीख, धूमधाम से करेंगे बेटी की शादी


Last Updated:

मोकामा विधायक अनंत सिंह को अब सरेंडर करने के लिए तीन दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है. सुप्रीम कोर्ट के लिखित आदेश में सरेंडर की नई तारीख 4 दिसंबर तय की गई. पहले उन्हें 1 दिसंबर तक जेल लौटना था. ऐसे में अब अनंत सिंह बेटी शिवांगी की शादी के सभी कार्यक्रम पूरे करने के बाद जेल जाएंगे.

Zoom

अनंत सिंह (फाइल फोटो)

पटनाः मोकामा विधायक अनंत सिंह के जेल जाने पर नया अपडेट है. उन्हें बेटी की शादी के लिए तीन दिन की अतिरिक्त मोहलत मिल गई. अब उन्हें 1 दिसंबर की जगह 4 दिसंबर तक सरेंडर करना होगा. सुप्रीम कोर्ट के लिखित आदेश में सरेंडर की नई तारीख सामने आई है. इससे पहले खबर आई थी कि अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक जेल लौटना होगा. हालांकि, कोर्ट के लिखित आदेश में 4 दिसंबर तक की अवधि तय की गई. अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी के बाद सरेंडर करने की बात पहले ही कह चुके हैं. ऐसे में अब वह शादी के कार्यक्रम पूरे करने के बाद जेल जाएंगे. दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी थी. साथ ही उन्हें दोबारा जेल लौटने का आदेश दिया था.

सुप्रीम कोर्ट ने 30 अक्टूबर को दिया था आदेश
लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में 30 अक्टूबर को अनंत सिंह की जमानत से जुड़े मामले की सुनवाई हुई थी. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी पराले की बेंच ने उनकी याचिका पर सुनवाई की. इस दौरान अनंत सिंह की तरफ से बेटी की शादी का हवाला देते हुए कुछ समय मांगा गया था. कोर्ट ने 25 नवंबर को होने वाली शादी के बाद उन्हें सरेंडर करने की मोहलत दी थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें 1 दिसंबर तक जेल लौटना था. लेकिन बुधवार शाम आए लिखित आदेश में 4 दिसंबर तक सरेंडर करने की बात दर्ज है. इस तरह उन्हें तीन दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है.

10 बीघा में हो रही बेटी की शादी की तैयारी
अनंत सिंह इन दिनों बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों में जुटे हैं. उनके पैतृक गांव नदवां में शादी को लेकर बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं. करीब 10 बीघा जमीन पर टेंट लगाया जा रहा है. शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता जैसे शाही आयोजन भी होंगे. शिवांगी की शादी अमेरिका में रहने वाले ऋषिकेश कुमार से हो रही है. ऋषिकेश मूल रूप से पटना जिले के बिहटा के रहने वाले हैं. उनके पिता सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं. शादी की तैयारियों को लेकर अनंत सिंह खुद लगातार काम देख रहे हैं.

नीरज कुमार पर लगाया था फंसाने का आरोप
अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह बेटी की शादी के बाद सरेंडर करेंगे. दुलारचंद यादव हत्याकांड में खुद को निर्दोष बताते हुए उन्होंने जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार पर फंसाने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि जिस समय दुलारचंद यादव की हत्या हुई, उस समय वह घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे. वह घटनास्थल से करीब 3 से 5 किलोमीटर दूर दूसरे गांव में थे.

चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी दुलारचंद की हत्या
अक्टूबर 2025 में पटना जिले के बाढ़ इलाके में दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी. उस समय बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार चल रहा था. दुलारचंद मोकामा से जन सुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे थे. इसी दौरान अनंत सिंह और पीयूष के समर्थकों के बीच विवाद हुआ था. इस घटना में दुलारचंद यादव की हत्या हो गई. इस मामले में अनंत सिंह को जेल जाना पड़ा था. उन्होंने जेल में रहते हुए ही जेडीयू के टिकट पर मोकामा से विधानसभा चुनाव जीता. मार्च 2026 में पटना हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी. इसके खिलाफ दुलारचंद यादव के पोते नीरज ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी. 30 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का जमानत आदेश रद्द कर दिया और अनंत सिंह को फिर से जेल जाने का निर्देश दिया. अब उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करना होगा.



Source link