उदयपुर. दीपावली के त्योहार पर शहर के बाजारों और पर्यटन स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. दीपावली के बाद के पांच दिनों में उदयपुर में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. खासतौर पर गुजराती पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से शहर में जाम और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इसके तहत 6 नवंबर से 15 नवंबर तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था रहेगी. यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक लागू रहेगी.
त्योहारी खरीदारी और पर्यटकों की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति से बचने तथा आमजन को राहत देने के लिए यह निर्णय लिया गया है. खास तौर पर पुराने शहर के बाजारों, जगदीश चौक, चांदपोल, हाथीपोल और सिटी पैलेस क्षेत्र में वाहन चालकों को निर्धारित रूट के अनुसार ही आवाजाही करनी होगी.
दीपावली के बाद उदयपुर घूमने आने वाले पर्यटकों को इस बार शहर में बदली हुई ट्रैफिक व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा
कहां-कहां रहेगी वन-वे व्यवस्था, जानिए पूरा रूट
सूरजपोल से सिटी पैलेस: सूरजपोल पुराने सीआर से बर्फ फैक्ट्री और रंगनिवास होते हुए सिटी पैलेस तक दुपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन जा सकेंगे. इस मार्ग पर बसों और भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी.
सिटी पैलेस से पटेल सर्कल: सिटी पैलेस के पिछले गेट से चारपहिया वाहन दूध तलाई, पाला गणेशजी और किशनपोल होते हुए पटेल सर्कल जा सकेंगे.
जगदीश चौक से चांदपोल: इस मार्ग पर तिपहिया और चारपहिया वाहनों का निकास बंद रहेगा. चांदपोल से जगदीश चौक की तरफ केवल दुपहिया वाहनों को वन-वे प्रवेश मिलेगा.
जगदीश चौक से हाथीपोल: घंटाघर थाने के रास्ते जगदीश चौक से हाथीपोल की ओर सभी वाहनों को एकतरफा जाने की अनुमति रहेगी. जबकि हाथीपोल से जगदीश चौक की तरफ केवल दुपहिया वाहन जा सकेंगे.
उदयपुर यातायात पुलिस ने 6 से 15 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है.
हाथीपोल से चांदपोल: हाथीपोल से जाटवाड़ी होते हुए चांदपोल तक सभी श्रेणी के वाहन जा सकेंगे. लेकिन चांदपोल से हाथीपोल लौटने के लिए तिपहिया और चारपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा.
पर्यटन थाना और रंगनिवास क्षेत्र: जगदीश चौक से पर्यटन थाने की तरफ तथा पर्यटन थाने से जगदीश चौक की ओर तिपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. पर्यटन थाने से रंगनिवास और कालाजी गोराजी होते हुए आरएमवी तिराहे के सामने से अमृत नमकीन की ओर निकास रहेगा.
उदयपुर के प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था रहेगी
वी-मार्ट से कालाजी गोराजी: वी-मार्ट से आरएमवी होते हुए कालाजी गोराजी की तरफ तिपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा.
अंबामाता चौक से अंबापोल: अंबामाता चौक से अंबापोल और जाड़ा गणेशजी की तरफ तिपहिया और चारपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा.
उदयपुर के जगदीश चौक, चांदपोल, हाथीपोल, सिटी पैलेस और अंबामाता क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही निर्धारित रूट के अनुसार होगी.
उदयपुर होते हुए अन्य शहरों में जाने वाले पर्यटक करें ये काम
खासतौर पर गुजरात से उदयपुर आने वाले पर्यटकों को ट्रैफिक प्लान का ध्यान रखना होगा.
यातायात पुलिस ने शहरवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे दीपावली के दौरान जारी इस विशेष ट्रैफिक प्लान का पालन करें. बाजारों में निकलने से पहले निर्धारित रास्तों की जानकारी रखें और यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि त्योहार के दौरान शहर में जाम की स्थिति नहीं बने.