दिवाली से पहले देहरादून में पानी का संकट, बंजारावाला में लोग बोले- टैंकर मंगवाने के पैसे नहीं

दिवाली से पहले देहरादून में पानी का संकट, बंजारावाला में लोग बोले- टैंकर मंगवाने के पैसे नहीं


Last Updated:

Dehradun News: देहरादून में पानी की दिक्कत से लोग परेशान हैं. त्योहार के सीजन में 10 दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है या बेहद गंदा और मटमैला पानी आ रहा है. त्योहार पर रिश्तेदारों के आने से परेशानी और बढ़ गई है.

देहरादून: राजधानी देहरादून में त्योहारी सीजन के बीच पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बंजारावाला और मथुरावाला क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है या बेहद गंदा और मटमैला पानी आ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गली संकरी होने से टैंकर भी नहीं आ सकता है और उनके पास RO लगाने तक के पैसे नहीं हैं. त्योहार पर रिश्तेदारों के आने से परेशानी और बढ़ गई है.

गंदा पानी पीने को मजबूर, बीमार होने का डर स्थानीय निवासी रामवती ने बताया कि नलों में इतना गंदा पानी आ रहा है कि उसमें कीड़े तक आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर बच्चे यह पानी पिएंगे तो बीमार हो जाएंगे और हमारे पास RO लगाने के पैसे नहीं हैं. सुनीता ने कहा कि पानी न पीने लायक है और न ही बर्तन धोने लायक है. मटमैले पानी से कपड़े धोने पर वे खराब हो रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बच्चे बीमार होंगे तो मजदूरी करने वाले लोग इलाज के पैसे कहां से लाएंगे.

दिवाली पर रिश्तेदारों को आने से किया मना
निर्मला देवी ने कहा कि दिवाली के वक्त पानी की किल्लत से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. वह खुद बीमार हैं और घुटनों में दर्द के कारण पानी ढोकर नहीं ला सकती हैं. उन्होंने बताया कि पानी की दिक्कत देखते हुए उन्होंने दिवाली पर आने वाले रिश्तेदारों को ही मना कर दिया है. बंजारावाला की पार्षद रुचि रावत ने बताया कि क्षेत्र में एक साल से थोड़ी-बहुत दिक्कत थी, लेकिन 10 दिनों से नल पूरी तरह सूखे पड़े हैं. उन्होंने कहा कि जब पानी ही नहीं दे रहे हैं तो बिल क्यों भेजे जा रहे हैं.

हजारों परिवार प्रभावित, जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
मथुरावाला के पार्षद सोबत सिंह ने कहा कि वार्ड 84 और वार्ड 85 के साथ ही कैंट से जुड़े कुछ इलाकों में हजारों परिवारों को पानी की दिक्कत हो रही है. उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान है, लेकिन अधिकारी और उनकी टीम काम करें तब ही होगा. समाजसेवी वीर सिंह पंवार ने कहा कि इस इलाके में लगातार पानी की किल्लत है और वह गरीब तबके को पानी दिलाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं. लोगों को मजबूरी में गंदा पानी पीना पड़ रहा है.

विभाग ने माना संकट, नई लाइन से समाधान का दावा
उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जतिन सिंह सैनी ने बताया कि इस इलाके में पहले पानी की बहुत समस्या रहती थी. हाल ही में पुरानी लाइन काटकर नई लाइन डाली गई है. उन्होंने माना कि कुछ इलाकों में अभी भी समस्या बनी हुई है और कुछ एरिया सैचुरेट हो गया है. जिन इलाकों में दिक्कत है, उनका निरीक्षण किया गया है. उन्होंने कहा कि जल संस्थान से बात की जा रही है और कोशिश है कि त्योहार में लोगों को दिक्कत न हो.



Source link