पैदल चलना मुश्किल हो गया है… देहरादून पलटन बाजार में नो-एंट्री के बावजूद दौड़ रहीं गाड़ियां, खरीदार परेशान

पैदल चलना मुश्किल हो गया है… देहरादून पलटन बाजार में नो-एंट्री के बावजूद दौड़ रहीं गाड़ियां, खरीदार परेशान


Last Updated:

Dehradun News: दिवाली पर देहरादून के पलटन बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ गई है. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुबह 11 बजे से रात 7 बजे तक दोपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई है, लेकिन बाजार में इस नियम का पालन नहीं हो रहा है. पाबंदी के बावजूद लोग संकरी गलियों में बाइक लेकर पहुंच रहे हैं, जिससे खरीदारों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है. बाजार में खरीदारी करने आए लोगों ने जाम के साथ बैठने और पानी जैसी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया. वहीं, वाहन चालकों ने पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने की बात कही.

Top Deals Inside

देहरादून: दिवाली के त्योहार पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. देहरादून के पलटन बाजार में भी इन दिनों काफी चहल-पहल है. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई थी. नियम के मुताबिक, बाजार में बड़े और छोटे चार पहिया वाहनों के साथ सुबह 11 बजे से रात 7 बजे तक दोपहिया वाहनों की एंट्री भी बंद है. इसके बावजूद बाजार में इन नियमों का पालन होता नहीं दिख रहा है. पाबंदी के समय भी लोग दोपहिया वाहन लेकर संकरी गलियों में पहुंच रहे हैं.

नो-एंट्री के समय दोपहिया वाहनों की आवाजाही से बाजार में बार-बार जाम लग रहा है. इससे पैदल खरीदारी करने आए लोगों को परेशानी हो रही है. त्योहार के समय बाजार में पहले से ही काफी भीड़ रहती है. ऐसे में गाड़ियों के आने-जाने से लोगों के लिए रास्ते से निकलना भी मुश्किल हो जाता है. पलटन बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं लक्ष्मी लामा ने बताया कि वह दिवाली के लिए घर की सजावट का सामान और मिठाइयां खरीदने आई थीं. उनका कहना है कि बाजार में पैदल चलने वालों को काफी दिक्कत होती है. त्योहार के समय भीड़ बढ़ जाती है, लेकिन इसके बाद भी लोग गाड़ियां लेकर बाजार में पहुंच जाते हैं.

बुजुर्गों के बैठने और पानी की व्यवस्था की मांग

लक्ष्मी लामा ने कहा कि पुलिस और प्रशासन नियम तो बनाते हैं, लेकिन लोग उनका पालन नहीं करते. उन्होंने बाजार में बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच लगाने और पीने के पानी की व्यवस्था करने की भी मांग की. उनका कहना है कि बाजार में खरीदारी के दौरान बुजुर्गों को बैठने के लिए जगह मिलनी चाहिए.

पार्किंग नहीं होने से वाहन चालक परेशान

वहीं, वाहन चालक मोहित का कहना है कि पलटन बाजार काफी बड़ा है. अगर किसी को बाजार के एक कोने से ज्यादा सामान खरीदना हो, तो उसे गाड़ी लेकर आना पड़ता है. उन्होंने कहा कि गाड़ी लेकर आने पर भी सवाल उठता है कि उसे खड़ा कहां करें, क्योंकि बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है.

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, लोगों से नियम मानने की अपील

पलटन बाजार में नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, पुलिस और प्रशासन की टीमें लोगों से सुरक्षित तरीके से खरीदारी करने और नियमों का पालन करने की अपील कर रही हैं. इसके बावजूद बाजार में वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक का पालन नहीं हो रहा है. लक्ष्मी लामा ने कहा कि पुलिस और प्रशासन अपनी ओर से नियम बनाते हैं, लेकिन उनकी जिम्मेदारी है कि लोग भी उनका पालन करें. बाजार को व्यवस्थित रखने के लिए लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए.



Source link