यूपी के उत्पादों से सजेंगे विदेशी घर, होम डेकोर से लेकर लेदर प्रोडक्ट तक की डिमांड

यूपी के उत्पादों से सजेंगे विदेशी घर, होम डेकोर से लेकर लेदर प्रोडक्ट तक की डिमांड


कानपुर: दीपावली की रौनक अब सिर्फ देश के बाजारों तक सीमित नहीं रहने वाली है. आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के उत्पाद विदेशों के बाजारों में भी अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं. दीपावली के बाद क्रिसमस, न्यू ईयर जैसे बड़े त्योहारों और शॉपिंग सीजन को देखते हुए यूपी के निर्यातकों के पास विदेशों से नए ऑर्डर आने शुरू हो गए हैं. इससे निर्यातकों के चेहरे खिल उठे हैं. कई उत्पादों की मांग बढ़ने के कारण कारोबारियों ने अपना उत्पादन भी बढ़ाना शुरू कर दिया है.

खास बात यह है कि इस बार होम डेकोर, फैशन एसेसरीज, चमड़े के सामान, टेक्सटाइल और फ्लोर कवरिंग जैसे उत्पादों की विदेशों में अच्छी मांग बनी हुई है. इससे प्रदेश के निर्यातकों को कारोबार बढ़ाने का बड़ा मौका मिल रहा है. विदेशों में अक्टूबर से दिसंबर तक खरीदारी का बड़ा सीजन माना जाता है. इस दौरान लोग क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए जमकर खरीदारी करते हैं.

त्योहारों के साथ बढ़ेगी यूपी के उत्पादों की चमक

वहीं, ब्लैक फ्राइडे और साइबर मंडे पर ऑनलाइन और ऑफलाइन बाजारों में भारी छूट के साथ खरीदारी होती है. ऐसे में इन मौकों के लिए दुनिया भर के कारोबारी पहले से ही सामान खरीदना शुरू कर देते हैं. यूपी के निर्यातकों को भी इसका फायदा मिलने लगा है. प्रदेश में तैयार होने वाले सजावटी सामान, घरों को सजाने वाले उत्पाद, चमड़े के बैग, जूते, फैशन से जुड़ी एसेसरीज और कपड़ों की मांग बढ़ रही है. निर्यातकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ऑर्डर की संख्या और बढ़ेगी. इससे उत्पादन के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं.

वैश्विक चुनौतियों के बीच निर्यातकों के लिए आया अच्छा समय

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) के यूपी प्रमुख आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद अब निर्यातकों के लिए अच्छा समय आया है. फेस्टिव सीजन में हर साल फैशन एसेसरीज, लेदर गुड्स, होम डेकोर, फ्लोर कवरिंग और टेक्सटाइल उत्पादों की मांग बढ़ती है. इस बार भी विदेशों से अच्छे ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं. निर्यातकों को उम्मीद है कि इस सीजन में कारोबार को नई रफ्तार मिलेगी.

निर्यातकों को होगा फायदा

उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड, ओमान और ब्रिटेन जैसे देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) से भी निर्यातकों को फायदा मिलने की उम्मीद है. इन समझौतों के तहत तय शर्तों के अनुसार भारतीय उत्पादों को शुल्क में राहत मिलेगी. इससे विदेशी बाजारों में भारतीय सामान की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और निर्यातकों को कारोबार का विस्तार करने का मौका मिलेगा.

एफटीए से खुलेंगे नए बाजार, कारोबार को मिलेगा फायदा

काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट (सीएलई) के वाइस चेयरमैन मुख्तारुल अमीन ने बताया कि एफटीए के बाद कई नए देशों के साथ कारोबार के रास्ते खुले हैं. इससे भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बनाने का मौका मिल रहा है. उन्होंने कहा कि हमारे उत्पाद जितने अधिक देशों तक पहुंचेंगे, निर्यातकों को उतना ही ज्यादा फायदा होगा. खासकर लेदर इंडस्ट्री के लिए नए बाजारों में कारोबार बढ़ाने की अच्छी संभावनाएं हैं. त्योहारों के इस सीजन में विदेशी खरीदारों की मांग का फायदा यूपी के निर्यातकों को मिल सकता है.



Source link