Last Updated:
Jehanabad SP Kota Kiran: जहानाबाद के कायनात विद्यालय में स्ट्रेस अवेयरनेस कार्यक्रम के दौरान एसपी कोटा किरण कुमार का स्वागत पारंपरिक गुलदस्ते की जगह फूलगोभी देकर किया गया. इस अनूठी पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और सादगी का रहा. इस दौरान एसपी ने छात्रों से बातचीत भी की. वहीं, एसपी ने कहा कि यहां के बच्चों की प्रतिभा देखकर बहुत अच्छा लगा.
जहानाबाद: अगर कहीं कार्यक्रम का आयोजन होता है तो बाहर से अतिथि को आदर पूर्वक बुलाया जाता है. इस दरम्यान उनका सम्मान होता है. साथ ही चीफ गेस्ट को पुष्प गुच्छ, बुके, शॉल, शील्ड देकर उनका स्वागत किया जाता है. हालांकि, बिहार के जहानाबाद जिले से अतिथि को स्वागत करने का ऐसा उदाहरण सामने आया है, जिसे देख या सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे. जिले के कायनात विद्यालय काको में स्ट्रेस अवेयरनेस कार्यकम में पहुंचे पुलिस अधीक्षक (SP) कोटा किरण कुमार को पुष्प गुच्छ से नहीं, बल्कि फूलगोभी देकर स्वागत किया गया. विद्यालय के डायरेक्टर ने जब यह सम्मान उन्हें भेंट किया तो एसपी भी आश्चर्यचकित हो गए.
दरअसल, जिले के काको प्रखंड स्थित कायनात विद्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. यहां बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक का इंटरेक्टिव सेशन रखा गया था. ऐसे में कई बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए और स्ट्रेस अवेयरनेस कार्यकम में SP कोटा किरण कुमार से सवाल जवाब भी पूछे. इस दौरान SP के हॉबी को वहां प्रदर्शित किया गया. खुद एसपी ने बच्चों को इंटरेक्टिव सेशन के साथ कार्टून भी बनाए. हालांकि, इस कार्यक्रम का सबसे ध्यान आकृष्ट करने वाला पुलिस अधीक्षक का स्वागत कार्य्रकम था. यह स्वागत देख पुलिस अधीक्षक खुद हैरान रह गए. वो यह भी कहते नजर आए, अरे! यह क्या?
SP को फूलगोभी से किया गया सम्मानित
लोकल 18 से खास बातचीत में एसपी कोटा किरण कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम स्ट्रेस अवेयरनेस पर था. यहां के बच्चों की प्रतिभा देखकर बहुत अच्छा लगा. यहां कई तरह की एक्टिविटी को प्रदर्शित किया गया और अच्छा भी लगा. हालांकि, अद्भुत बात यह रही कि यहां के डायरेक्टर शकील काकवी ने सम्मान के रूप में पुष्प गुच्छ नहीं, बल्कि फूल गोभी दिया. आम तौर हम कहीं भी जाते हैं तो वहां पुष्प गुच्छ, शॉल, मोमेंटो दिया जाता है. हालांकि, यहां हमें फूलगोभी देकर सम्मानित किया गया. यह कुछ अलग माहौल था. यह उपयोग में आ सकता है. हमारी भी सोच रहती है कि पुष्प गुच्छ की जगह किताब और कॉपी देकर सम्मानित किया जाए, ताकि वो उपयोग में आ सके.”
अनूठी पहल का यह संदेश
वहीं, स्कूल के डायरेक्टर शकील काकवी ने लोकल 18 से कहा कि अनुकूल और पर्यावरणीय पहल के तहत एसपी को पारंपरिक फूलों के गुलदस्ता के बजाय ताजी फूलगोभी भेंट की गई. इस अभिनव पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कायनात फाउंडेशन पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ जीवन शैली, सादगी और प्रकृति के प्रति सम्मान की संस्कृति को बढ़ावा देना है. हमारा उद्देश्य रहता है कि समाज में कोई भी कार्य हो तो उसका कुछ न कुछ निष्कर्ष निकले. इसी सोच के साथ आज भी स्ट्रेस अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बच्चों की सहभागिता शानदार थी. बच्चों के माध्यम से कई अभिनव का पहल भी किया गया.