Blue Tsunami in US: अमेरिका की राजनीति के लिहाज से आज बड़ा दिन है. मिडटर्म चुनाव के नतीजों के साथ ही ब्लू सुनामी आ गई है. अब इसका क्या मतलब है? चुनाव के दौरान आपने अक्सर दो शब्द सुने होंगे- Red Wave और Blue Wave. लेकिन जब किसी चुनावी नतीजे को ब्लू सुनामी कहा जाता है, तो उसका मतलब सिर्फ डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत नहीं होता. यह उस स्थिति का संकेत है, जब डेमोक्रेटिक पार्टी को उम्मीद से कहीं ज्यादा बड़ी चुनावी सफलता मिलती है और रिपब्लिकन पार्टी को कई अहम सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है. इस बार भी ऐसा ही कुछ हुआ है. अमेरिकी सियासत में ब्लू सुनामी के बीच डोनाल्ड ट्रंप और उनका रिपब्लिकन खेमा निराश बैठा होगा.
अमेरिका के मिड टर्म चुनावों के लिहाज से समझें तो ‘ब्लू सुनामी’ का खास सियासी महत्व है. इसकी वजह यह है कि इन चुनावों में राष्ट्रपति का चुनाव नहीं होता, लेकिन संसद के दोनों सदनों- हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट का समीकरण बदल सकता है. अगर प्रेसिडेंट की पार्टी इन चुनावों में अपना बहुमत खो देती है, तो अगले दो साल उसके लिए कानून बनाना, बजट पास कराना और अपनी पॉलिसी को लागू करना मुश्किल हो सकता है.
नवंबर 2026 के मिड टर्म चुनावों के नजरिए से देखें तो यह शब्द इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सामने कांग्रेस में अपनी राजनीतिक स्थिति बनाए रखने की चुनौती है. आखिर ये ब्लू सुनामी क्या है? अमेरिका में इसका चुनावी गणित क्या होता है और इसके नतीजों का राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल पर क्या असर पड़ सकता है?
ब्लू सुनामी का मतलब क्या होता है?
अमेरिका की राजनीति में दो प्रमुख पार्टियां हैं- डेमोक्रेटिक पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी. इन दोनों की पहचान अलग-अलग रंगों से होती है. ब्लू और रेड. डेमोक्रेटिक पार्टी का चुनावी रंग नीला है. वहीं रिपब्लिकन पार्टी का चुनावी रंग लाल है. जब डेमोक्रेटिक पार्टी चुनाव में बड़ी संख्या में सीटें जीतती है और रिपब्लिकन पार्टी को कई सीटों का नुकसान होता है, तो इसे ‘ब्लू वेव’ यानी नीली लहर कहा जाता है. जब यह जीत सामान्य उम्मीदों से कहीं ज्यादा बड़ी हो, तो पॉलिटिकल एक्सपर्ट इसे ‘ब्लू सुनामी’ कह सकते हैं.
इसका मतलब है कि एक पार्टी के पक्ष में चुनावी माहौल इस कदर बदल गया कि विरोधी पार्टी के मजबूत माने जाने वाले इलाकों में भी उसके कैंडिडेट हारने लगे. हालांकि ब्लू सुनामी की कोई आधिकारिक चुनावी या संवैधानिक परिभाषा नहीं है. अमेरिका में चुनावी लहर का आंकलन सीटों में बदलाव, जीत के अंतर, अलग-अलग राज्यों में प्रदर्शन और विपक्षी पार्टी के गढ़ में मिली सफलता से किया जाता है.
अब इसको समझने के लिए ऐसा मान लीजिए कि रिपब्लिकन पार्टी के पास अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में बहुमत है. मिड टर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ना केवल बहुमत छीन ले, बल्कि ऐसे राज्यों में भी जीत जाए जहां लंबे समय से रिपब्लिकन उम्मीदवार चुनाव जीतते रहे हैं. ऐसी स्थिति को ब्लू सुनामी कहा जा सकता है.
अमेरिका में ब्लू सुनामी की चर्चा क्यों?
अमेरिका में राष्ट्रपति का चुनाव हर चार साल में होता है. लेकिन राष्ट्रपति के कार्यकाल के ठीक बीच में यानी दो साल बाद मिड टर्म चुनाव कराए जाते हैं. राष्ट्रपति का चुनाव नवंबर 2024 में हुआ था. डोनाल्ड ट्रंप ने जनवरी 2025 में दूसरी बार राष्ट्रपति पद की शपथ ली. इसके बाद 3 नवंबर 2026 को मिड टर्म चुनाव हुए. इन चुनावों में राष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग नहीं होती, बल्कि अमेरिकी कांग्रेस यानी संसद की संरचना तय होती है.
अमेरिकी कांग्रेस के दो सदन हैं.
- हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स: इसे अमेरिकी संसद का निचला सदन कहा जाता है. इसमें कुल 435 चुने गए सदस्य होते हैं. सभी सीटों पर हर दो साल में चुनाव होता है. इसलिए मिड टर्म चुनाव में भी पूरा हाउस दांव पर होता है.
- सीनेट: यह अमेरिकी संसद का ऊपरी सदन है. इसमें कुल 100 सदस्य होते हैं. हर राज्य से दो सीनेटर चुने जाते हैं. इनका कार्यकाल 6 साल का होता है. हर दो साल में लगभग एक-तिहाई सीटों पर चुनाव होता है.
इसका मतलब है कि मिड टर्म चुनाव में अमेरिकी मतदाता यह तय करते हैं कि राष्ट्रपति के बचे हुए दो साल में संसद पर किस पार्टी का कंट्रोल रहेगा. यही वजह है कि इन चुनावों को राष्ट्रपति के कामकाज पर जनता की प्रतिक्रिया के तौर पर भी देखा जाता है.
इस बार ब्लू सुनामी क्यों कहा जा रहा है?
इस बार के मिड टर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने अमेरिकी राजनीति का संसदीय समीकरण बदल दिया. डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में बहुमत हासिल कर लिया. यानी रिपब्लिकन पार्टी ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर अपना कंट्रोल गंवा दिया. इस चुनाव की खास बात यह रही कि डेमोक्रेटिक पार्टी ने केवल उन राज्यों में जीत हासिल नहीं की जहां उसका पारंपरिक जनाधार मजबूत रहा है, बल्कि रिपब्लिकन पार्टी के मजबूत गढ़ों में भी सेंध लगाई.