Last Updated:
Madhubani News : मधुबनी के बाबूबरही में पुलिस फायरिंग की घटना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया. खोजपुर में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. स्थिति संभालने पहुंचे डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. इस दौरान महिलाओं ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया. अब घटना का वीडियो सामने आया है.
डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा.
मधुबनी. बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही में पुलिस फायरिंग की घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. घटना के विरोध में खोजपुर में लोगों ने सड़क जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा. इस दौरान कुछ महिलाओं ने डीएम आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ बदसलूकी की. घटना का वीडियो भी सामने आया है.
मौके पर डीएम और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई. अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई. सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला. सामने आए वीडियो में महिलाएं डीएम के साथ बहस करती और उनका कॉलर पकड़ती नजर आ रही हैं.
पुलिस फायरिंग में एक की मौत, तीन घायल
दरअसल, बाबूबरही में बीती देर रात पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी थी. इस घटना में चार लोगों को गोली लगी. इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.
आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग
फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोग आरोपी एएसआई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया. हालात को देखते हुए डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन लोगों का आक्रोश शांत कराने के दौरान डीएम को भी विरोध का सामना करना पड़ा. इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.