Last Updated:
Bhagat Singh Army Chief Naresh Meena News : भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा की गिरफ्तारी बारां पुलिस के लिए चुनौती बन गई है. बारां के नाहरगढ़ थाना इलाके में वनकर्मी से कथित मारपीट के मामले में नरेश मीणा को गिरफ्तार करने के लिए 3 नंवबर को सुबह-सुबह तीन थानों की पुलिस उनके पैतृक गांव नयागांव पहुंची. वहां पुलिस का भारी भरकम लवाजम देखकर ग्रामीण हैरान रह गए. वहीं मीणा के परिजन भड़क उठे. नरेश मीणा के खिलाफ बीते एक सप्ताह में तीन केस दर्ज किए गए हैं.
बारां पुलिस नरेश मीणा को नाहरगढ़ में वनकर्मी के साथ की गई कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार करने गई थी.
बारां. भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को सुबह-सुबह तीन थानों की पुलिस ने उनके पैतृक गांव नयागांव में स्थित घर दबिश दी. लेकिन नरेश मीणा वहां नहीं मिले. पुलिस का भारी भरकम लवाजमा देखकर नरेश मीणा के परिजन भड़क उठे. मीणा के पिता की पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस हो गई. बाद में पुलिस बैरंग वापस लौट गई. नरेश पंचायत चुनाव के सिलसिले में फील्ड में है. बाद में नरेश मीणा की तरफ से ऐलान किया गया कि वे 6 नवंबर को शाम 5 बजे नाहरगढ़ थाने में गिरफ्तारी देंगे.
किसानों के विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है. बीते 7 दिनों में नरेश मीणा पर एक के बाद एक करके तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं. इनमें छबड़ा में खाद को लेकर किसानों के साथ आंदोलन के दौरान भीड़ को उकसाने और सरकारी अधिकारियों को धमकी देने के आरोप हैं. वहीं शिवदासपुरा टोल पर भीड़ के साथ चक्का जाम लगाने समेत हाल में चुनावी सभा के बाद किसानों व समर्थकों के साथ नाहरगढ़ वन विभाग कार्यालय में घुसकर वनकर्मी से मारपीट करने और राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी मामला दर्ज किया गया था.
पुलिस का लवाजमा देख भड़के मीणा के पिता
नरेश मीणा के वनकर्मी से मारपीट के मामले में नाहरगढ़ थाने में दर्ज हुए केस में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस केस में नरेश मीणा मुख्य आरोपी बनाए गए हैं. ऐसे में पुलिस नरेश मीणा की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार को सुबह उनके घर पर दबिश दी थी. इस दौरान डीएसपी रामानंद यादव, छबड़ा सीआई राजेश खटाना, सदर थाना अधिकारी नवल किशोर सहित बड़ी संख्या में पुलिस लवाजमा मौजूद रहा. नरेश के पिता कल्याण सिंह ने बिना सर्च वारंट के पुलिस के घर में घुसने पर आपत्ति जताई अधिकारियों को खरीखोटी सुनाई.
वनकर्मी से कथित मारपीट के मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी से नरेश मीणा के समर्थक भड़के हुए हैं. इससे नाराज भगत सिंह सेना के कार्यकर्ता सोमवार देर शाम नाहरगढ़ पुलिस थाने पहुंच गए थे. वहां कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और पुलिस के सामने सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देने की बात कही. प्रहलाद खटाना और राधेश्याम मीणा श्योपुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में निर्मल नागर, बसपा से बारां प्रधान प्रत्याशी ममता नागर सहित बड़ी संख्या में भगत सिंह सेना के समर्थक मौजूद रहे. देर शाम तक थाने पर प्रदर्शन जारी रहा. नरेश मीणा अपने समर्थकों को बसपा के टिकट पर बारां जिले के पंचायत चुनाव लड़वा रहे हैं.