‘तुमसे सीखने की जरूरत नहीं’, दिवाली पर ऐसा क्या बोलीं दीया मिर्जा कि बीजेपी हुई नाराज, BMC ने डिलीट किया पोस्ट


Last Updated:

दीपावली पर प्रदूषण कम करने की अपील करना जानी मानी एक्ट्रेस दीया मिर्जा को भारी पड़ गया है. मुंबई में पटाखे न जलाने और पर्यावरण का ध्यान रखने वाले उनके वीडियो पर ऐसा विवाद छिड़ा कि बीजेपी के कई नेता उनके खिलाफ उतर आए. रामदास आठवले से लेकर श्रीकांत भारतीय तक ने एक्ट्रेस के बयान पर सवाल उठाए हैं. किसी ने उन्हें त्योहारों की जानकारी पर नसीहत दी, तो किसी ने साफ कह दिया कि दीपावली कैसे मनानी है, यह देश के लोगों को दीया मिर्जा से सीखने की जरूरत नहीं है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

'तुमसे सीखने की जरूरत नहीं',  ऐसा क्या बोलीं दीया मिर्जा कि बीजेपी हुई नाराजZoom

दीया मिर्जा का बयान हुआ वायरल फोटो साभार:ians

नई दिल्ली. मुंबई में दीपावली के दौरान बढ़ते प्रदूषण को कम करने की अपील अब सियासी विवाद में बदल गई है. एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने लोगों से पर्यावरण का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने और पटाखों का इस्तेमाल कम करने की अपील की थी. लेकिन उनका यह मैसेज कुछ बीजेपी नेताओं को पसंद नहीं आया. पहले मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने दीया के वीडियो पर नाराजगी जताई और फिर बीएमसी ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उनका वीडियो हटा दिया. अब इस मामले में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले समेत कई नेताओं ने अभिनेत्री पर निशाना साधा है.

केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने दीया मिर्जा के बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि दीया दूसरे धर्म से आती हैं, इसलिए उन्हें दीपावली के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. आठवले के मुताबिक, भारत में हर धर्म के लोगों को अपने त्योहार मनाने की पूरी आजादी है. उन्होंने यह भी कहा कि पटाखों के बिना दीपावली मनाने का कोई मतलब नहीं है.

रामदास आठवले ने कहा दीया मिर्जा से सीखने की जरूरत नहीं

दीया मिर्जा का एक बयान उन पर भारी पड़ गया है. केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने एक्ट्रेस के बयान को गलत बताते हुए कहा कि इस तरह की बातें हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती हैं. उन्होंने दीया मिर्जा की टिप्पणी का विरोध किया. हालांकि, त्योहार के दौरान प्रदूषण का ध्यान रखना भी जरूरी है. इसके लिए पहले से ही दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और उनके मुताबिक कुछ पटाखे जलाए जा सकते हैं. बीजेपी नेता श्रीकांत भारतीय ने भी इस मामले में अभिनेत्री को घेरा. उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा को दूसरों को दीपावली मनाने का तरीका बताने से पहले खुद भी विचार करना चाहिए. उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, लेकिन दीया को अपने धर्म और उससे जुड़े त्योहारों पर भी बात करनी चाहिए.

बीजेपी नेता श्रीकांत ने एक्ट्रेस पर कसा तंज

श्रीकांत भारतीय ने कहा कि हिंदू समाज हमेशा से पर्यावरण को लेकर जागरूक रहा है. लोगों को अच्छी तरह पता है कि दीपावली कैसे मनानी है और किस तरह के पटाखों का इस्तेमाल करना चाहिए. ऐसे में किसी को भी अभिनेत्री से यह सीखने की जरूरत नहीं है. बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने भी दीया मिर्जा के बयान पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कुछ बॉलीवुड सितारे और खुद को बुद्धिजीवी कहने वाले लोग हर बार हिंदू त्योहारों के दौरान कोई न कोई सवाल खड़ा कर देते हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि होली पर पानी की बर्बादी, दही हांडी में सुरक्षा, नवरात्रि के दौरान शोर और गणेशोत्सव में प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों को लेकर अक्सर सवाल उठाए जाते हैं.

हमें दीया से सीखने की जरूरत नहीं

इससे पहले भाजपा मुंबई के अध्यक्ष अमित साटम ने भी आपत्ति जताई थी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर बीएमसी को टैग करते हुए लिखा, ‘हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाई जाए, हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं’.

वायरल हुई पोस्ट
फोटो साभार:x@AmeetSatam

शिवसेना नेता शाइना एनसी ने भी दी प्रतिक्रिया

इस पूरे विवाद पर शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा को समझना चाहिए कि दीपावली रोशनी का त्योहार है. साथ ही उन्होंने माना कि प्रदूषण से बचाव के लिए हर नागरिक को सतर्क रहना चाहिए. शाइना के मुताबिक, लोगों को पटाखे नहीं फोड़ने चाहिए, ताकि सभी सुरक्षित रहें. उनके लिए स्वास्थ्य और लोगों की जिंदगी सबसे ज्यादा जरूरी है.

BMC ने डिलीट किया पोस्ट

हालांकि, दीया मिर्जा का वीडियो सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया. मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने अभिनेत्री के वीडियो पर आपत्ति जताई और कहा कि लोगों को दीपावली मनाने के तरीके के बारे में दीया मिर्जा से सीख लेने की जरूरत नहीं है. भारतीय परंपराओं में दीपावली का खास महत्व है और लोगों को अपने त्योहारों के बारे में अच्छी तरह पता है. विवाद बढ़ने के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया. हालांकि, निगम की ओर से वीडियो हटाने की कोई सार्वजनिक वजह नहीं बताई गई.



Source link