हर्ष दुबे ने रणजी मैच में मचाया गदर, पारी में 9 विकेट लेकर मध्यप्रदेश को किया तहस-नहस

हर्ष दुबे ने रणजी मैच में मचाया गदर, पारी में 9 विकेट लेकर मध्यप्रदेश को किया तहस-नहस


होमखेलक्रिकेट

हर्ष दुबे ने रणजी मैच में मचाया गदर, पारी में 9 विकेट लेकर MP को किया तहस-नहस

Last Updated:

ranji trophy harsh dubey 9 wickets: मध्य प्रदेश के खिलाफ जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए हर्ष दुबे ने 9 बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया. पारी में एमपी के सबसे सफल बल्लेबाज अथर्व महाजन भी हर्ष का ही शिकार बने. हर्ष ने पारी में कुल 23.1 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट लिए. इस दौरान उन्होंने 53 रन ही दिए.

Zoom

हर्ष दुबे ने मध्यप्रदेश के खिलाफ पारी में लिए 9 विकेट.

नई दिल्ली. रणजी ट्रॉफी 2026-27 के चौथे राउंड के पहले दिन हर्ष दुबे से कातिलाना गेंदबाजी देखने को मिली. विदर्भ की ओर से खेल रहे हर्ष ने स्पिन का ऐसा जाल बुना कि मध्यप्रदेश के एक-एक करके 9 बल्लेबाज उनका शिकार बने. हर्ष ने अकेले दम पर ही एमपी की टीम को 209 रन पर ढेर कर दिया. मध्यप्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था, जिसे हर्ष ने पूरी तरह गलत साबित करने में कामयाब रहे. एलीट ग्रुप-ए का यह मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन में खेला जा रहा है. 24 साल के हर्ष भारत के लिए दो वनडे मैच खेल चुके हैं. इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने इंटरनेशनल डेब्यू किया था.

फेंका करियर का बेस्ट स्पेल
विदर्भ के तेज गेंदबाज नचिकेत भुते ने ओपनर यश दुबे को आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद हर्ष दुबे ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए मध्यप्रदेश के मिडिल और निचले क्रम के बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया. हर्ष ने 23.1 ओवर में 53 रन देकर 9 विकेट लिए. उनके शिकार होने वालों में भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार और सारांश जैन भी शामिल रहे. यह हर्ष का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. इससे पहले हर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 36 रन देकर 6 विकेट था. नवंबर 2024 में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच की दूसरी पारी में हर्ष ने ऐसा किया था. हर्ष की यह बॉलिंग विदर्भ के लिए किसी भी गेंदबाज का बेस्ट बॉलिंग स्पेल भी है.

पिछला सीजन रहा कमाल
हर्ष दुबे का यह शानदार प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार अच्छे खेल का नतीजा है. 24 वर्षीय क्रिकेटर ने 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन में भी अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया था. उन्होंने उस सीजन में 69 विकेट लेने के साथ 476 रन भी बनाए थे. उनके इसी प्रदर्शन के दम पर मई 2026 में उन्हें पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली. इसके बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया. हर्ष की नजरें लगातार शानदार प्रदर्शन करने के साथ भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने पर होंगी.

विदर्भ के गिरे 4 विकेट
हर्ष दुबे का ऐतिहासिक बॉलिंग स्पेल रहा, लेकिन दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ की टीम मुश्किल में आ गई. मध्यप्रदेश के 209 रन के जवाब में स्टंप्स तक विदर्भ के 4 विकेट गिर चुके हैं और सिर्फ 54 रन ही बोर्ड पर लगे. ध्रुव शोरे (21*) और कप्तान अक्षय वाडकर (9*) नाबाद दूसरे दिन के खेल की शुरुआत करेंगे. ओपनिंग करने आए सत्यम भोयर 8 रन ही बना सके, जबकि अमन मोखडे का खाता तक नहीं खुला. रविकुमार समर्थ 17 रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर आउट हो गए. दानिश मलेवार भी बिना कोई रन बनाए चलते बने. एमपी के लिए कुमार कार्तिकेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अब तक तीन विकेट निकाल लिए हैं.



Source link