शराब पीते-पीते मौत के मुंह में पहुंचा शख्स, हथियार लेकर पहुंचे बदमाश
Last Updated:
तमिलनाडु के मदुरै में देर रात एक कुख्यात अपराधी की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई. वह पंचायत कार्यालय परिसर में बैठकर शराब पी रहा था, तभी कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है.
आधी रात को खूनी हमला
मदुरै: तमिलनाडु के मदुरै में कुछ लोगों ने एक अपराधी पर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी. हमले में उसका चेहरा बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पुलिस को शक है कि पुरानी दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है. आखिर किसने और क्यों की यह हत्या? पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है.
मृतक की पहचान समयनल्लूर के सदाचियम्मन नगर निवासी सूर्या उर्फ ‘कुट्टीसाकू’ के रूप में हुई है. उसके खिलाफ हत्या और मारपीट समेत 10 से अधिक आपराधिक मामले लंबित थे.
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की है, जब सूर्या मदुरै-दिंडीगुल राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पुराने पंचायत कार्यालय परिसर में बैठकर शराब पी रहा था. पुलिस ने बताया कि इस दौरान हथियारों से लैस कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. पुलिस ने बताया कि हमले में सूर्या का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए.
सूचना मिलने पर समयनल्लूर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मदुरै के राजाजी सरकारी अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच से पता चला है कि हत्या का कारण पुरानी दुश्मनी और बदला लेने की भावना हो सकती है.अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश कर रही है.