Last Updated:
सोनपीत के मुडलाना गांव में 38 वर्षीय महिला और उसके तीन बच्चों की मौत से हड़कंप मच गया है. महिला का पति सरकारी शिक्षक है और घटना के वक्त ड्यूटी पर गया था. घर से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मानसिक परेशानी, संपत्ति, गहनों और रिश्तेदारों का जिक्र है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
सोनीपत में मां सहित तीन बच्चों की मौत.
सोनीपतः हरियाणा के सोनीपत जिले के मुडलावा गांव में एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. 38 वर्षीय रीना और उसके तीन बच्चों के शव घर के अंदर मिले हैं. मृतक बच्चों की उम्र 11 साल, 7 साल और 4 साल थी. प्राप्त जानकारी के मुताबिक रीना अपने तीनों बच्चों के साथ घर पर थी. उसका पति जयदीप सरकारी शिक्षक है और हर रोज की तरह वह ड्यूटी पर गया था. जब वह काम खत्म कर वापस लौटा तो पत्नी और बच्चों को मृत देखकर उसके होश उड़ गए.
दो पन्नों का मिला सुसाइड नोट
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलने पर सदर गोहाना थाना पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस को इस मामले में दो पन्नों का एक सुसाइट नोट भी मिला है. इसमें रीना ने अपनी मानसिक परेशानी का जिक्र किया है. नोट में पारिवारिक संपत्ति और गहनों को लेकर भी बातें लिखी गई हैं. रीना ने शादी में मिले गहनों को वापस लौटाने की बात कही है.
सुसाइड नोट में जमीन-जायदाद की बात
सुसाइड नोट में जमीन-जायदाद, अलग रहने और रिश्तेदारों को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है. सबसे अहम बात यह है कि नोट में रीना ने अपने पति जयदीप को निर्दोष बताया है. उसने यह भी लिखा है कि इस मामले में उसके पति को परेशान न किया जाए. सुसाइड नोट में लिखी बातों के आधार पर परिवार की परिस्थितियों और आपसी संबंधों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
मौत की जांच में जुटी पुलिस
हालांकि नोट में दर्ज बातों को ही घटना की अंतिम वजह नहीं माना जा सकता है. फिलहाल महिला और तीन बच्चों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस की जांच और अन्य साक्ष्यों के सामने आने के बाद घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
(डिस्क्लेमर: अगर आपके आसपास कोई शख्स डिप्रेशन में है और आपको ऐसा लगता है कि उसके मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोशिश कर रहा है. ऐसे में आप 9152987821 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर तुरंत जानकारी दे सकते हैं, ताकि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)