जबलपुर. बीते दिनों बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिला था. ज्यादातर पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ अति तीव्र वर्षा हुई. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की थी. फिलहाल वर्तमान में भी मौसम कुछ इसी तरह का बना हुआ है. अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. आज 01 नवंबर 2026 को कई पूर्वी जिलों में वर्षा होने की संभावना जताई गई है. वहीं गर्जन और वज्रपात का भी अनुमान है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. IMD द्वारा लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
मौसम विभाग ने आज सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, अनूपपुर, डिंडौरी, शहडोल, उमरिया, बालाघाट, सिवनी, मंडला, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. बीते दिन भी इन जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई थी. वहीं पांच उत्तरी जिलों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया और शिवपुरी में भी कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना बनती नजर आ रही है. IMD के अनुसार, वर्तमान में मौसमी गतिविधियों को देखते हुए 04 नवंबर तक मौसम के इसी तरह बने रहने का अनुमान है. IMD ने संबंधित जिलेवासियों से सावधान रहने की अपील की है.
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे ठंड का अहसास बढ़ जाएगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सिवनी में रिकॉर्ड हुआ.
मध्य प्रदेश में 100 दिन सक्रिय रहा मानसून
मौसम विभाग ने अक्टूबर माह की शुरुआत में ही बताया था कि इस पूरे महीने गर्मी, सर्दी और बरसात का ट्रेंड बना रहेगा, जैसा कि देखने को भी मिला. प्रदेश में इस साल मानसून 100 दिन सक्रिय रहा. इस दौरान कुछ जिलों में जहां बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं कई जिले वर्षा के औसत आंकड़े को भी नहीं छू पाए.
बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.
2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.
3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.
4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.
5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.
6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.
7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.