Last Updated:
Vande Bharat Sleeper Train: वाराणसी और नई दिल्ली के बीच रेल यात्रा को और अधिक सुगम व आरामदायक बनाने के लिए देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पटरियों पर उतरने जा रही है. सेमी हाई-स्पीड, आधुनिक इंटीरियर और साउंडप्रूफ कोच जैसी विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस यह ट्रेन मात्र 9 घंटे में यह सफर तय करेगी. उद्योगपतियों, पर्यटकों और आम यात्रियों के समय की बचत के साथ-साथ यह ट्रेन आरामदायक रात्रि सफर का बेहतरीन विकल्प बनेगी.
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वैसे तो पहले से सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत ट्रेन चल रही है, लेकिन यह देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन है जो यात्रियों के सफर को और आसान करेगी. इस ट्रेन से सिर्फ 9 घंटे में लोग आरामदायक सफर कर वाराणसी से नई दिल्ली पहुंच सकेंगे. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत करेंगे.
यह नया वंदे भारत स्लीपर कई मायनों में खास है. आम स्लीपर बोगियों के बर्थ की अपेक्षा में इसके बर्थ काफी आरामदायक हैं. इसका इंटीरियर भी काफी खूबसूरत है. ट्रेन के बोगियों का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. स्लीपर वंदे भारत की सभी बोगियां पूरी तरह से वातानुकूलित हैं. 16 कोच वाली इस ट्रेन में 823 बर्थ हैं.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी वातानुकूलित कोच हैं. फर्स्ट एसी से सफर के लिए करीब 4800 रुपये यात्री को खर्च करने होंगे. बोगियों के अंदर चार्जिंग पॉइंट, सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. इसके अलावा इसके दरवाजे भी सेंसर युक्त हैं. टूर एंड ट्रेवल्स के व्यवसाय से जुड़े राहुल मेहता ने बताया कि वाराणसी-नई दिल्ली रूट पर इस नई ट्रेन से व्यवसायी, पर्यटक और हर वर्ग के लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ट्रेन नंबर 27421 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर वाराणसी स्टेशन से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी, जो अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली-वाराणसी रात 9 बजकर 40 मिनट पर दिल्ली से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर यह वाराणसी पहुंचेगी.
यानी इस ट्रेन से व्यापारी वर्ग रातभर सफर करेंगे और सुबह अपने गंतव्य पर पहुंच जरूरी कामों को निपटा कर वापस भी लौट सकेंगे. यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशन पर रुकेगी. सप्ताह के 6 दिन इसका नियमित संचालन होगा. वाराणसी से सोमवार, मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को चलेगी.
वहीं नई दिल्ली से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन सोमवार, मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को होगा. मेक इन इंडिया के तहत इसका निर्माण किया गया है. यह ट्रेन पटरियों पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से चल सकेगी.
सुरक्षा के लिहाज से भी ट्रेन को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया गया है. इसमें उन्नत अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, इंटेलिजेंट डायग्नोस्टिक्स, आधुनिक ट्रेन प्रबंधन प्रणाली और अत्याधुनिक प्रोपल्शन एवं कंट्रोल सिस्टम लगाए गए हैं. इसके अलावा मजबूत स्टील बॉडी इसे अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनाती है.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के बर्थ काफी आरामदायक बर्थ हैं. इसके अलावा इसके बर्थ को साउंडप्रूफ भी बनाया गया है. तेज रफ्तार के दौरान भी बाहरी आवाज से यात्री परेशान नहीं होंगे. इस दौरान उन्हें कम कंपन भी महसूस होगा. ट्रेन की गति बढ़ाने और रोकने के दौरान यात्रियों को झटके कम लगेंगे, इसके लिए भी विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.