AI in Marketing Career Skills: क्या AI मार्केटिंग की नौकरी छीन सकता है? नोट करें 5 जबरदस्त टिप्स, हमेशा सेफ रहेगी Job

AI in Marketing Career Skills: क्या AI मार्केटिंग की नौकरी छीन सकता है? नोट करें 5 जबरदस्त टिप्स, हमेशा सेफ रहेगी Job


नई दिल्ली (AI in Marketing). इन दिनों हर क्षेत्र में एआई का बोलबाला है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने मार्केटिंग का पूरा खाका बदल दिया है. जो काम हफ्तों और बड़ी टीमों के जिम्मे होता था, वह अब कुछ मिनटों में एआई की मदद से हो रहा है. लोग अपनी नौकरी को लेकर डरे हुए हैं. सच तो यही है कि एआई नौकरियां खत्म नहीं कर रहा, बल्कि काम करने का तरीका अपग्रेड कर रहा है. कंपनियों की जरूरतें तेजी से बदल रही हैं. उन्हें एआई टूल्स के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले स्मार्ट प्रोफेशनल चाहिए.

अगर आप मार्केटिंग की दुनिया में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं तो अब नए और मॉडर्न बदलावों के हिसाब से तैयारी का वक्त आ गया है. क्राफ्टशाला स्कूल के फाउंडर और सीईओ वरुण सेठीया कहते हैं कि आज के दौर में सफलता के लिए सिर्फ एक स्किल काफी नहीं है. AI टूल्स की प्रैक्टिकल समझ के साथ-साथ एक साथ कई जिम्मेदारियां निभाने, समस्याओं को चुटकियों में सुलझाने और नई तकनीक को तुरंत सीखने की काबिलियत विकसित करनी होगी.

मार्केटिंग में करियर बनाने के लिए जरूरी 5 टिप्स

बात Zapier जैसे ऑटोमेशन टूल्स की हो या एसईओ से GEO यानी एआई सर्च ऑप्टिमाइजेशन की तरफ बढ़ने की, हर जगह नई सोच की जरूरत है. अगर आप मार्केटिंग इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पकड़ बनाना चाहते हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए परफेक्ट गाइड साबित होगी. जानिए 5 जरूरी बातें, जिन्हें अपनाकर आप एआई के दौर में भी मार्केटिंग में बेहतरीन करियर बना सकते हैं.

1. एआई टूल्स की प्रैक्टिकल समझ और उनका सही इस्तेमाल

आज के समय में केवल एआई टूल्स के नाम रट लेना या उनके बारे में थ्योरी पढ़ लेना काफी नहीं है. रिक्रूटर्स परखते हैं कि उम्मीदवार Zapier या n8n जैसे मॉडर्न प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके अपने डेली टास्क को कितनी तेजी और बेहतरीन तरीके से पूरा कर सकते हैं. एक दौर में कंप्यूटर पर एक्सेल और पावरपॉइंट चलाना स्पेशल खूबी हुआ करती थी. आज वह हर नौकरी की बेसिक जरूरत बन चुकी है. वही हाल अब एआई का है. इसलिए टूल्स से डरने के बजाय उन्हें अपना सबसे अच्छा दोस्त बनाना सीखें.

2. एक साथ कई जिम्मेदारियां और मल्टी-टास्किंग की कला

एआई के आने से काम की स्पीड कई गुना बढ़ गई है. इसका असर प्रोफेशनल्स के जॉब रोल पर पड़ा है. अब कंपनियां उम्मीद करती हैं कि एक छोटी टीम या सिंगल व्यक्ति पहले के मुकाबले कई गुना ज्यादा काम संभाले. उदाहरण के लिए, परफॉर्मेंस मार्केटिंग करने वाले व्यक्ति से विज्ञापनों की कैची कॉपी लिखने और क्रिएटिव्स में बदलाव करने की उम्मीद की जाती है. Meta Advantage+ और Google Performance Max जैसे एआई बेस्ड प्लेटफॉर्म्स की जानकारी होना आज के मार्केटर के लिए सोने पर सुहागा है.

3. समस्या सुलझाने और सही फैसले लेने की क्षमता

भले ही एआई कुछ ही सेकंड में टेक्स्ट या इमेज तैयार करके दे दे, लेकिन उस कंटेंट के पीछे की असली स्ट्रैटेजी एक इंसान ही तय कर सकता है. मौजूदा दौर में कंपनियों को ऐसे प्रोफेशनल्स चाहिए, जो सिर्फ एआई के भरोसे न बैठें. उन्हें समझ होनी चाहिए कि कोई कैंपेन क्यों चलाया जा रहा है और उससे उनके बिजनेस या क्लाइंट को क्या लाभ मिलेगा. डेटा को परखकर सही समय पर सही फैसला लेना ही सच्चे मार्केटर की पहचान होती है. इसमें कंपनियां कोताही नहीं करना चाहती हैं.

4. तेजी से नई चीजें सीखने की काबिलियत

टेक्नोलॉजी की दुनिया में हर दूसरे दिन कोई अपडेट आ जाता है. ऐसे में पुरानी सीख पर ही अटके रहने वाले लोग पीछे छूट जाते हैं. कंपनियों में अब ‘लर्निंग एजिलिटी’ यानी बिना किसी झिझक के तुरंत नई टेक्नोलॉजी को सीखने और उसे अपने काम में ढालने की क्षमता को ही सबसे बड़ा गुण माना जा रहा है. ऑफिस की अलग-अलग टीमों के साथ मिलकर काम करना और बदलते ट्रेंड्स के साथ खुद को बदलना ही आपको इस रेस में आगे रखेगा.

5. कंज्यूमर की नब्ज के साथ बदलें डिजिटल स्ट्रैटेजी

मार्केटिंग का मूलमंत्र अपने कस्टमर को समझना है. आज के दौर में केवल विज्ञापन बना देना काफी नहीं है, बल्कि यह देखना भी जरूरी है कि बजट का सही इस्तेमाल कहां हो रहा है. इसके अलावा, डिजिटल दुनिया भी तेजी से बदल रही है. Google Search के साथ-साथ अब ब्रांड्स को AI बेस्ड सर्च प्लेटफॉर्म्स पर भी अपनी मजबूत पकड़ बनानी पड़ रही है. इसे जीईओ (GEO) कहा जाता है. इन टेक्निकल बदलावों को समझकर अपनी स्ट्रैटेजी बनाना ही सफलता की असली चाबी है.



Source link