Last Updated:
उज्जैन में त्योहारों से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. शास्त्री नगर के एक मकान में छिपाकर रखे गए करीब 10 लाख रुपए के पटाखे जब्त किए गए हैं. पुलिस ने दो लोगों पर कार्रवाई की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे रखे हैं. जानिए पूरा मामला.
अवैध रूप से पटाखे बेचने वाला शख्स गिरफ्तार.
उज्जैन. उज्जैन में आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. शास्त्री नगर स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर छापेमारी कर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपए कीमत के पटाखे जब्त किए हैं. मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है. दरअसल, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरु प्रसाद पराशर और नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका शिंदे के निर्देशन में थाना प्रभारी तरुण कुरिल के नेतृत्व में पुलिस टीम को शास्त्री नगर क्षेत्र में अवैध पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान नंबर 345/9 पर दबिश दी. तलाशी के दौरान मकान की पहली मंजिल पर बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में पटाखे रखे मिले. पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए.
निर्माणाधीन मकान में चल रही थी पटाखों की दुकान
इस मामले में सौरभ शर्मा, उम्र 26 वर्ष, निवासी शास्त्री नगर और शुभम शर्मा, उम्र 28 वर्ष, के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है. छापेमारी के बाद टीआई तरुण कुरील ने कहा, “एसपी सर के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है कि रिहायसी इलाकों में कोई भी अवैध रूप से पटाखों की बिक्री न कर पाए. दिवाली को देखते हुए हम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं. आज हमको सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर गली नंबर 9 में एक मकान में अवैध रूप से विक्रय हेतु पटाखे रखे गए हैं. तो इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम वहां पहुंची है. एक निर्माणाधीन मकान की प्रथम मंजिल पर हमने पाया कि काफी मात्रा में दिवाली पर चलने वाले पटाखे मिले. हमने उन पटाखों की मौके पर जब्ती की है. पटाखे बेचने वाले सौरभ शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. जितनी मात्रा में पटाखे मिले, उनकी अनुमानित कीमत जो है लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है.
पुलिस की आमजन से अपील
त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों का भंडारण आगजनी और विस्फोट जैसी गंभीर घटनाओं का कारण बन सकता है. ऐसे में उज्जैन पुलिस ने नागरिकों से पटाखों का भंडारण और विक्रय निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुसार करने की अपील की है. साथ ही, अवैध भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की बात कही है.