Last Updated:
Kolkata Durga Puja Tragedy: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में जान गंवाने वाले मुजफ्फरपुर के पिता-पुत्र के परिजनों को पश्चिम बंगाल सरकार ने पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है. साथ ही सीएम शुभेंदु अधिकारी ने भी फोन पर मृतक अभिषेक की पत्नी और आयुष की मां निभा कुमारी से बात की.
कोलकाता पंडाल हादसे के मुजफ्फरपुर के पीड़ित परिवार को बंगाल सरकार ने 50 लाख की सहायता राशि का चेक दिया.
Kolkata Chorbagan Accident: कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मुजफ्फरपुर के पिता-पुत्र के परिजनों को पश्चिम बंगाल सरकार ने आर्थिक सहायता प्रदान की है. पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री उमेश राय खुद मुजफ्फरपुर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की. इस दौरान मंत्री ने मृतक अभिषेक श्रीवास्तव की पत्नी निभा कुमारी को 25-25 लाख रुपये के दो चेक (कुल 50 लाख रुपये) सौंपे.
दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में हुई थी 19 लोगों की मौत
कोलकाता के चोरबागान में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया था. जिसमें कुल 19 लोगों की जान चली गई थी. इस हृदयविदारक घटना में मुजफ्फरपुर के रहने वाले अभिषेक श्रीवास्तव और उनके 9 वर्षीय मासूम बेटे आयुष की भी अकाल मौत हो गई थी. इस खबर के बाद से ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था.
मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पहुंचे बंगाल के मंत्री
मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज स्थित पिपराराघो गांव के निवासी अभिषेक श्रीवास्तव का परिवार वर्तमान में शहर के भगवानपुर इलाके में रहता था. शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मंत्री उमेश राय भगवानपुर स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर इस कठिन समय में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. साथ ही राज्य सरकार की ओर से घोषित सहायता राशि के तहत 50 लाख रुपये का चेक पत्नी निभा कुमारी को सौंपा.
सीएम ने फोन पर बात कर बंधाया ढांढस
मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी फोन पर मृतक अभिषेक की पत्नी और आयुष की मां निभा कुमारी से बातचीत की. उन्होंने इस दुखद घड़ी में गहरा शोक व्यक्त किया. साथ ही परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति मिलने की ईश्वर से प्रार्थना की.
केंद्र सरकार से भी मिलेगी आर्थिक
मदद बंगाल सरकार की ओर से दी गई 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि के अलावा, प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF) से भी मृतक पिता-पुत्र के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी.