भारत ने चखी अपनी ही कड़वी दवा, NZ ने बनाए 260 रन फिर IND को 172 पर ही रोका
Last Updated:
IND vs NZ 4th Highlights: ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल की विस्फोटक पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने चौथे टी-20 में भारत के खिलाफ सात विकेट पर 259 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. जो टी-20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. जवाब में पूरी सितारों से सजी टीम इंडिया 172/9 रन ही बना पाई और 87 रन से मैच गंवा बैठी.
न्यूजीलैंड ने चौथे मैच में आखिरकार जीत का स्वाद चख ही लिया.
ऑकलैंड: न्यूजीलैंड में लगातार तीन मैच से चला आ रहा भारत का विजयरथ आखिरकार चौथे मैच में थम गया. अगर ईडन पार्क में भारत को जीत चाहिए थी तो उसे अपने टी-20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करना था. मगर 260 रन के विशाल टारगेट के आगे पूरी टीम मिलकर जैसे-तैसे 172/9 रन ही बना पाई. इसके बावजूद पांच मैच की टी-20 सीरीज में भारत के पास 3-1 की अजेय लीड है. श्रृंखला का पांचवां और आखिरी मुकाबला 1 नवंबर को मिल्टन में खेला जाएगा.
T20I में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार
यानी वो भारतीय बैटिंग अटैक बुरी तरह फ्लॉब साबित हुआ, जो पिछले तीन मैच से अपने पूरे शबाब पर था. न्यूजीलैंड ने मैच जीतने के लिए अपना अबतक का सबसे बड़ा टी-20 स्कोर बनाया और भारत को 87 रन से हरा दिया. T20I क्रिकेट में ये भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी हार है, इससे पहले इस साल जुलाई में इंग्लैंड के खराब दौरे के दौरान भारत को नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ भारत को 125 रनों से हार मिली थी.
क्या विनिंग कॉम्बिनेशन से छेड़खानी पड़ी भारी
वैभव सूर्यवंशी की जगह ओपनिंग करने उतरे संजू सैमसन (4) पहले ही ओवर में आउट हो गए और यहां से भारत की गाड़ी जो पटरी से उतरी वो अंत तक ट्रैक पर नहीं आ पाई. भारत के लिए सबसे ज्यादा रन तिलक वर्मा (35) ने बनाए. ईशान किशन (0) के इंजरी से लौटने के बाद वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ा. ऐसे में अभिषेक शर्मा (27) के साथ संजू सैमसन की जोड़ी ने ओपनिंग की. श्रेयस अय्यर का खराब फॉर्म जारी रहा. कमबैक मैच में ईशान किशन कुछ खास नहीं कर पाए. अक्षर पटेल (7), नमन धीर (28), नीतीश कुमार रेड्डी (21) कोई भी भारत को नहीं जिता पाया.
ग्लेन फिलिप्स के शतक ने बदल दिया मैच का रख
मौजूदा सीरीज में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स ने चौथे मैच में 49 गेंदों पर 107 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों पर 65 रन बनाये दिए. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए केवल 41 गेंदों में 115 रन की पार्टनरशिप कर भारतीय गेंदबाजी की कलई खोल दी. न्यूजीलैंड के बल्लेबाज पहली गेंद से ही अटैकिंग मूड में नजर आए. टिम सीफर्ट और डेरिल मिचेल को तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए, इसके बाद फिलिप्स और एलन ने तीसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़कर पारी को संभाला. एलन और बेवन जैकब्स के जल्दी-जल्दी आउट होने से न्यूजीलैंड की रफ्तार कुछ धीमी पड़ रही थी, लेकिन फिलिप्स और ब्रेसवेल ने यहां से पारी का रूख बदल दिया.
भारत के खिलाफ सबसे बड़ा टी-20 स्कोर
फिलिप्स और ब्रेसवेल की आतिशी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 11वें ओवर में चार विकेट पर 112 रन बनाने वाली न्यूजीलैंड की टीम 17.2 ओवर में पांच विकेट पर 227 रन तक पहुंच गई. फिलिप्स ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की गेंद पर सीधा छक्का लगाकर महज 46 गेंदों में अपना तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया, उन्होंने 50 से 100 रन तक पहुंचने में सिर्फ 15 गेंद लिए. न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने अंतिम पांच ओवरों में 85 रन बटोरकर भारत के सामने 260 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा.