Last Updated:
Ramayana Release Controversy: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है. बेंगलुरु के मशहूर विजय सिनेमा ने फिल्म को अपने यहां दिखाने से इनकार कर दिया है. आखिर कमाई के बंटवारे को लेकर थिएटर और डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच ऐसी क्या बात बिगड़ी कि मेकर्स की मुश्किलें बढ़ गईं? जानिए पूरा मामला.
‘रामायण’ को लेकर बैंगलुरू में विवाद (फोटो साभार-IMDB)
नई दिल्ली: रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. बेंगलुरु के मशहूर सिंगल स्क्रीन थिएटर विजय सिनेमा ने इस फिल्म को अपने यहां रिलीज नहीं करने का कड़ा फैसला किया है. बताया जा रहा है कि थिएटर और फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच कमाई के बंटवारे यानी रेवेन्यू शेयरिंग को लेकर विवाद हो गया है.
इस वजह से फैंस को इस बड़े बजट की फिल्म को सिंगल स्क्रीन पर देखने का मौका नहीं मिल पाएगा .
कमाई के बंटवारे को लेकर हुआ बड़ा विवाद
विजय सिनेमा का साफ कहना है कि वह तय प्रतिशत के आधार पर कमाई साझा करने वाले मॉडल पर काम करता है. थिएटर का नियम है कि फिल्म की कमाई का एक तय हिस्सा ही डिस्ट्रीब्यूटर्स को दिया जाता है. लेकिन ‘रामायण’ के डिस्ट्रीब्यूटर्स इस शर्त पर फिल्म रिलीज करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हैं. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई और थिएटर ने फिल्म को अपने यहां नहीं चलाने का फैसला किया है .
किसी खास फिल्म के खिलाफ नहीं है फैसला
थिएटर प्रबंधन ने यह भी साफ कर दिया है कि उनका यह कदम किसी फिल्म या उसकी कहानी के विरोध में नहीं है. विजय सिनेमा इससे पहले भी कुछ बड़ी फिल्मों को लेकर इसी तरह का सख्त रुख अपना चुका है. इससे पहले थिएटर ने थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ और यश की आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ को भी रिलीज करने से मना कर दिया था. थिएटर का कहना है कि यह उनके बिजनेस के नियम हैं और वे हर फिल्म के लिए एक ही नीति अपनाते हैं .
दो पार्ट में रिलीज होगी फिल्म रामायण
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित है. इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही बहुत क्रेज बना हुआ है. फिल्म में भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर, सीता के रोल में साई पल्लवी और रावण के रोल में यश नजर आएंगे. इनके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह और लारा दत्ता जैसे बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म दो पार्ट में आएगी और इसका पहला पार्ट पांच नवंबर को रिलीज होने वाला है .