Last Updated:
Lucknow News: लखनऊ के चर्चित कमर्शियल हब कहे जाने वाले विभूति खंड स्थित समिट बिल्डिंग में पुलिसिया ज्यादती का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अब वायरल वीडियो के बाद लोग पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
लखनऊ पुलिस
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल लखनऊ के चर्चित कमर्शियल हब कहे जाने वाले विभूति खंड स्थित समिट बिल्डिंग में पुलिसिया ज्यादती का मामला सामने आया है, जिसके बाद यह विवाद सुर्खियों में आ गया. इस बिल्डिंग में युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी से पीटते हुए सिपाही का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
बता दें कि समिट बिल्डिंग के ‘किंग टेबल क्लब’ में पुलिसकर्मियों ने कुछ युवकों पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसा दी. यहां पुलिस दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की शिकायत पर पहुंची थी. इसके बाद मामला शांत होने की जगह और बढ़ गया और दोनों पक्ष के युवक पुलिस से ही भिड़ गए. इसके बाद एक सिपाही ने युवक पर लाठी चला दी, जिससे युवक भड़क उठा. इसके बाद सभी सिपाहियों ने लाठी से यही कार्रवाई शुरू कर दी.
पुलिसिया व्यवस्था पर उठे सवाल
निहत्थे और बेबस युवकों पर बेरहमी से लाठियां चलाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो के बाद लोगों ने लखनऊ पुलिस की कार्यप्रणाली और अपने अधिकारों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है और पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लाठी चार्ज के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 5 युवकों को गिरफ्तार किया है.
बिना पूछताछ सीधे दंड कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक रात का खाना खाने के लिए समिट बिल्डिंग स्थित किंग टेबल क्लब पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई. इसी दौरान समिट चौकी प्रभारी हरिओम पटेल भारी पुलिस बल लेकर क्लब के भीतर दाखिल हो गए और बिना किसी पूछताछ के युवकों पर लाठी बरसानी शुरू कर दी.
हालांकि उन युवकों में एक ने खुद को अधिवक्ता बताया और कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी, लेकिन वर्दी के रौब में पुलिसवालों ने एक की बात नहीं सुनी और दौड़ा-दौड़ाकर युवकों को मारा. इस दौरान कई युवक लहूलुहान हो गए, जिसके कारण क्लब में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. अब देखना यह है कि वायरल वीडियो और पुलिस की बर्बरता को लेकर क्या कानूनी कार्यवाही होती है.