Ramayana: शूर्पणखा को लेकर बदल जाएगी आपकी सोच! रकुल प्रीत सिंह ने बताई किरदार की Untold Story

Ramayana: शूर्पणखा को लेकर बदल जाएगी आपकी सोच! रकुल प्रीत सिंह ने बताई किरदार की Untold Story


नई दिल्ली: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा हो रही है. फिल्म का पहला ट्रेलर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी खूब बातें हो रही हैं. रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक से लेकर साई पल्लवी के सीता वाले अंदाज तक, हर किरदार ने दर्शकों का ध्यान खींचा है. फिल्म के भव्य सेट और इसकी कहानी को लेकर भी लोग अपनी राय दे रहे हैं. लेकिन इन सबके बीच एक ऐसा चेहरा भी सामने आया, जिसने फैंस को हैरान कर दिया. यह चेहरा है रकुल प्रीत सिंह का, जो फिल्म में शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं. ट्रेलर में उनकी छोटी सी झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.

अब रकुल ने खुद इस किरदार को चुनने की वजह बताई है. उन्होंने कहा कि शूर्पणखा को इतिहास में अक्सर गलत तरीके से समझा गया है और उसका किरदार कई अलग-अलग पहलुओं से भरा हुआ है.

 शूर्पणखा बनने के लिए एक्साइटेड हैं रकुल

‘रामायण’ में अपने शूर्पणखा के किरदार को लेकर रुकल प्रीत सिंह काफी चर्चा में हैं. अब हाल ही में PTI से बातचीत में रकुल प्रीत सिंह ने बताया कि ‘रामायण’ का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास है. एक्ट्रेस के मुताबिक, इस फिल्म को चुनने की दो बड़ी वजह थीं. पहली यह कि इसके जरिए भारत की कहानी और इतिहास को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा. दूसरी वजह शूर्पणखा का दिलचस्प किरदार है. रकुल ने कहा कि शूर्पणखा एक ऐसा कैरेक्टर है, जिसे काफी गलत समझा गया है. इसी किरदार की वजह से राम और रावण के बीच युद्ध की शुरुआत हुई थी. इसलिए इसके अलग-अलग पहलुओं को पर्दे पर निभाना उनके लिए काफी दिलचस्प रहा.

फैन के लेटर पर भी दिया था जवाब

इससे पहले रकुल ने अपने X अकाउंट पर एक फैन का लेटर भी शेयर किया था. इसके साथ उन्होंने लिखा था कि शूर्पणखा का किरदार चुनने की सबसे बड़ी वजह उसकी पेचीदा कहानी थी. एक्ट्रेस ने कहा कि इतिहास में लोग उसे सिर्फ एक घटना के लिए याद करते हैं, जबकि उसकी कहानी में और भी बहुत कुछ है. एक कलाकार के तौर पर उन्हें ऐसे रोल पसंद हैं, जो लोगों की सोच को चुनौती देते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जब फिल्म रिलीज होगी, तो दर्शक शूर्पणखा के किरदार को खुले नजरिए से समझने की कोशिश करेंगे.

क्या है रामायण की कहानी

फिल्म ‘रामायण’ महर्षि वाल्मीकि की महाकाव्य रामायण पर आधारित है. कहानी भगवान विष्णु के अवतार भगवान राम के जीवन और रावण के साथ उनके युद्ध के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. वहीं रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका निभा रही हैं.

पौराणिक कथा के मुताबिक, शूर्पणखा रावण की बहन थी. वनवास के दौरान वह राम और लक्ष्मण से मिली थी. लक्ष्मण द्वारा उसका अपमान किए जाने के बाद वह रावण के पास पहुंची. इसके बाद रावण ने सीता का अपहरण कर लिया. इसी घटना ने राम और रावण के बीच युद्ध की नींव रखी.

दो पार्ट में रिलीज होगी फिल्म

‘रामायण’ को बड़े बजट पर तैयार किया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इसे नमित मल्होत्रा और यश मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म को दो पार्ट में रिलीज करने की तैयारी है. इसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगा. वहीं दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के आसपास रिलीज होने की उम्मीद है. इस फिल्म से भारतीय पौराणिक कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है.



Source link