Last Updated:
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में स्क्रैप कारोबारी के यहां फायरिंग करने वाले चार आरोपियों को बद्दी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने स्कॉर्पियो, पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं.
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में स्क्रैप कारोबारी के घर, गाड़ी और दफ्तर के बाहर गोलियां चलाने के आरोपियों को पुलिस ने धर लिया है.
सोलन. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में स्क्रैप कारोबारी के घर, गाड़ी और दफ्तर के बाहर गोलियां चलाने के आरोपियों को पुलिस ने धर लिया है. फायरिंग की तीन अलग-अलग घटनाओं को बद्दी पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने इन वारदातों में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. इस मामले को लेकर एसपी बद्दी विनोद धीमान ने नालागढ़ पुलिस थाना में पत्रकार वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी. इस दौरान डीएसपी समेत पुलिस की जांच टीम भी मौजूद रही.
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पहली फायरिंग की घटना 14 अक्टूबर की रात गांव बूटा पलासी में रणवीर सिंह के घर के बाहर हुई थी, जहां अज्ञात बाइक सवारों ने हवाई फायरिंग की थी. इसके बाद 23-24 अक्टूबर की मध्यरात्रि इसी गांव में मनप्रीत सिंह के घर के बाहर चार राउंड फायर किए गए, जिनमें दो गोलियां घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी में लगीं. वहीं, तीसरी घटना 25 अक्टूबर को गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर हुई, जहां बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर आए दो नकाबपोश युवकों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की थी.
ये हैं चारों आरोपी, एक हिमाचली, तीन पंजाबी
मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी ने विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर 29 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपकार सिंह निवासी रूपनगर (पंजाब), राजिंदर कुमार निवासी बिलासपुर (हिमाचल), देवेंद्र सिंह निवासी आनंदपुर साहिब (पंजाब) और अमृतपाल सिंह निवासी रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों से स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर PB 65 BL 9086, पांच मोबाइल फोन, एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
अपराधियों को एसपी ने दी चेतावनी
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि चारों आरोपियों को 30 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग के पीछे के कारणों, संभावित फिरौती कनेक्शन, हथियारों की सप्लाई और किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की जांच कर रही है. उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में दहशत फैलाने, फायरिंग करने और फिरौती मांगने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी तरह की धमकी या फिरौती की मांग मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.