Last Updated:
Pandharpur Rukmini Temple: महाराष्ट्र के पंढरपुर सबसे महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों में से एक हैं. यहां भगवान विट्ठल और माता रूक्मणि मंदिर सबसे विख्यात है. मान्यता है कि यहां जब माता रूक्मणि रूढ गई थीं तो उन्हें मनाने के लिए भगवान श्री कृष्ण को आना पड़ा. भीमा नदी के तट पर बसा यह पवित्र नगर भगवान श्रीकृष्ण के पांडुरंग रूप और माता रुक्मणि की पावन लीलाओं का प्रमुख केंद्र है. यहां की आषाढ़ी वारी और प्राचीन मंदिर की परंपराएं सदियों से देश-विदेश के भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करती रही हैं, जहां हर एक कदम पर अध्यात्म और चमत्कार का अनूठा संगम देखने को मिलता है.
पंढरपुर मंदिर. (Image: vitthalrukminimandir)
Pandharpur Bhagwan Vitthal and Rukmini Temple : पंढरपुर का नाम सुनते ही मन में आस्था का सागर उमर पड़ता है. महाराष्ट्र की पावन भूमि पर स्थित पंढरपुर केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि अटूट भक्ति और अगाध आस्था का एक ऐसा महाकुंभ है जहां हर साल लाखों श्रद्धालु खिंचे चले आते हैं. भीमा नदी के तट पर बसा यह पवित्र नगर भगवान श्रीकृष्ण के पांडुरंग रूप और माता रुक्मणि की पावन लीलाओं का प्रमुख केंद्र है. यहां की आषाढ़ी वारी और प्राचीन मंदिर की परंपराएं सदियों से देश-विदेश के भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करती रही हैं, जहां हर एक कदम पर अध्यात्म और चमत्कार का अनूठा संगम देखने को मिलता है. इस क्षेत्र से जुड़ी पौराणिक कथाएं और यहां के भव्य उत्सव भक्तों के मन में एक अलग ही ऊर्जा और शांति का संचार करते हैं. गर्भगृह से लेकर मंदिर के प्रांगण तक फैली यह आध्यात्मिक यात्रा हर श्रद्धालु को ईश्वर के बेहद करीब ले जाती है.
रुक्मणि का तुलसी वन और चांदी के गरुड़ स्तंभ का चमत्कार
पौराणिक कथाओं के अनुसार, एक बार माता रुक्मणि भगवान श्रीकृष्ण से रुठकर तुलसी वन के नाम से प्रसिद्ध इस पंढरपुर क्षेत्र में घोर तपस्या करने आ गई थीं, जिन्हें ढूंढते हुए स्वयं श्रीकृष्ण यहां पहुंचे थे. मंदिर के गर्भ गृह में प्रभु पांडुरंग के दिव्य और मंगलकारी शिला रूप के दर्शन करने के बाद भक्त प्रांगण में स्थित माता रुक्मणि और अन्य देवी-देवताओं के दर्शन करते हैं. गर्भ गृह के मंडप में स्थित चांदी से बने गरुड़ स्तंभ का आलिंगन करने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस स्तंभ को छूने मात्र से साक्षात पांडुरंग प्रभु के आलिंगन का फल प्राप्त होता है और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. यहां प्रतिदिन दंपत्तियों द्वारा देवी की कुंकुम अर्चना भी की जाती है.
विष्णु पद मंदिर और चरण चिन्हों का रहस्य
विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन के उपरांत भक्तगण मंदिर के निकट स्थित पवित्र ‘विष्णु पद’ मंदिर पहुंचते हैं. इस ऐतिहासिक मंदिर में भगवान विष्णु की पादुकाएं और चरण चिन्ह आज भी सुशोभित हैं. भक्तों का अटूट विश्वास है कि भगवान विष्णु ने इस प्रांगण को अपना आवास बनाया था, जिसके कारण यहां की धरती पर आज भी प्रभु के चरण चिह्न अंकित हैं. इसके साथ ही, संत तुकाराम और संत ज्ञानेश्वर जैसे महान संतों की परंपरा इस भूमि से जुड़ी हुई है, जिन्हें आज भी भगवान पांडुरंग के समान ही अत्यधिक सम्मान और श्रद्धा के साथ पूजा जाता है.
पंढरपुर की प्रसिद्ध वारी यात्रा और श्रद्धालुओं की सुविधाएं
पंढरपुर में साल भर में चार बड़ी यात्राएं (आषाढ़, कार्तिकी, माघ और चैत्र) आयोजित होती हैं, जिनमें आषाढ़ी यात्रा का विशेष महत्व है. इस दौरान पुणे के देहू और आलंदी से संतों की पादुकाएं पदयात्रा के जरिए पांडुरंग के दरबार में लाई जाती हैं, जिसमें देश-कोने से लाखों भक्त नाचते-गाते शामिल होते हैं. विठ्ठल रुक्मिणी मंदिर समिति और महाराष्ट्र शासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जाते हैं. धूप और बरसात से बचाने के लिए लगभग 8 किलोमीटर लंबी कतार और छांव की व्यवस्था की जाती है, ताकि हर भक्त करुणासागर पांडुरंग के सुलभ दर्शन प्राप्त कर सके.