Last Updated:
Almond Eating Tips: बादाम को याददाश्त बढ़ाने की नेचुरल गोली मानी जाती है. इसमें विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो ब्रेन सेल्स को डैमेज होने से बचाते हैं. लेकिन ज्यादातर लोग इसे खाने में मामूली गलती कर बैठते हैं, जिससे इसके फायदे ज्यादा नहीं मिलते हैं. यहां एक्सपर्ट से जानें बादाम को कितनी मात्रा में और किस तरीके से खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है.
बादाम में प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट, विटामिन E और मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. रोजाना बादाम खाने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है और इन्हें हेल्दी स्नैक्स के तौर पर भी डाइट में शामिल किया जा सकता है. कई लोग सुबह खाली पेट भीगे हुए बादाम खाते हैं. हालांकि, किसी भी हेल्दी चीज को जरूरत से ज्यादा खाना भी नुकसानदायक हो सकता है. बादाम के साथ भी ऐसा ही है.
Redcliffe Labs की क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट एवं वेलनेस कोच दीपिका लालवानी बताती हैं कि ज्यादा बादाम खाने से पेट से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं और अधिक कैलोरी मिलने के कारण वजन बढ़ने का खतरा भी रहता है. ऐसे में सवाल उठता है कि एक स्वस्थ व्यक्ति को रोज कितने बादाम खाने चाहिए? खाने का सही तरीका क्या है और ज्यादा बादाम खाने से सेहत को क्या नुकसान हो सकते हैं? आइए जानते हैं.
रोज कितने बादाम खाने चाहिए?
एक्सपर्ट बताती हैं कि एक स्वस्थ वयस्क आमतौर पर रोजाना 20-30 ग्राम यानी लगभग 8-12 बादाम खा सकता है. करीब 28 ग्राम बादाम में 160-170 कैलोरी होती हैं. इसलिए इन्हें अपनी रोज की डाइट में शामिल करते समय कुल कैलोरी का ध्यान रखना जरूरी है. बच्चों को उनकी उम्र और खाने की जरूरत के अनुसार बादाम दें. छोटे बच्चों को साबुत बादाम न दें, क्योंकि गले में अटकने का खतरा रहता है. इन्हें बारीक पीसकर या पाउडर के रूप में देना बेहतर है.
ज्यादा बादाम खाने से क्या नुकसान हैं?
- बादाम में कैलोरी और फैट की मात्रा अधिक होती है. जरूरत से ज्यादा खाने पर वजन बढ़ सकता है.
- अधिक मात्रा में बादाम खाने से गैस, पेट फूलना, कब्ज या दस्त हो सकते हैं.
- बादाम में ऑक्सलेट होता है. जिन लोगों को कैल्शियम ऑक्सलेट वाली पथरी की समस्या है, उन्हें डॉक्टर की सलाह से इनका सेवन करना चाहिए.
- बादाम में मौजूद फाइटिक एसिड आयरन, जिंक और कैल्शियम जैसे मिनरल्स के अवशोषण को कुछ हद तक प्रभावित कर सकता है.
- कुछ लोगों को बादाम खाने से खुजली, सूजन या सांस लेने में परेशानी हो सकती है. ऐसे लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें.
बादाम खाने का सही तरीका क्या है?
बादाम को रातभर 6-8 घंटे पानी में भिगोकर खा सकते हैं. इससे वे नरम हो जाते हैं और चबाना आसान होता है. चाहें तो छिलका उतार सकते हैं, लेकिन छिलके में भी फायदेमंद एंटीऑक्सीडेंट होते हैं. इसलिए छिलका हटाना जरूरी नहीं है. बादाम को सुबह या दोपहर के नाश्ते में खाएं.
बादाम खाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
बादाम को ठंडी और सूखी जगह पर एयरटाइट डिब्बे में रखें. दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और संतुलित डाइट लें. अगर आपको किडनी स्टोन, नट्स से एलर्जी या कोई दूसरी स्वास्थ्य समस्या है, तो बादाम की सही मात्रा के लिए डॉक्टर से सलाह लें.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.