दिल्ली-NCR में और गिरा तापमान, बढ़ी कंपकंपी, IMD ने मौसम को लेकर दी चेतावनी
Last Updated:
दिल्ली-NCR में तापमान इस महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने से हल्की ठंड का अहसास हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आज न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है. जबकि बढ़ती ठंड और खराब हवा को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली के तापमान में गिरावट देखने को मिली है. इससे सर्दी बढ़ गई है. फोटो- रायटर
दिल्ली-एनसीआर में आज 27 अक्टूबर को मौसम साफ और सुहावना रहने का अनुमान है. हालांकि आज से ठंड बढ़ने की चेतावनी दी गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो आज तापमान अभी तक के अपने सबसे निचले स्तर पर रहने का अनुमान है. जिससे मौसम ठंडा तो रहेगा ही लोगों को सुबह-सुबह गुलाबी ठंड का अहसास भी होने लगेगा.
आईएमडी के अनुसार आज मंगलवार को न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है. यह शुरू हो रही सर्दी के इस मौसम के तापमान का सबसे निचला स्तर है. वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय उत्तर दिशा से आने वाली हल्की हवाएं चल रही हैं और नमी का स्तर सामान्य बना हुआ है.
दो दिनों के बाद बारिश की संभावना
दिल्ली एनसीआर मौसम भविष्यवाणी. IMD
पिछले कुछ दिनों में हल्की बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में गिरावट आई थी. वहीं अब एक बार फिर ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है. आईएमडी के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को फिर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जिससे तापमान और गिर सकता है. फिलहाल अगले दो दिनों यानि 28 अक्टूबर तक मौसम शुष्क और साफ रहने की भविष्यवाणी की गई है.
खराब हुई दिल्ली की हवा
राजधानी में प्रदूषण के मोर्चे पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और अन्य एयर क्वालिटी निगरानी केंद्रों के आंकड़ों को देखें तो दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) आज सुबह 130 से 180 के बीच मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज हो रहा है. जबकि कुछ इलाकों जैसे जहांगीरपुरी, विवेक विहार और आरके पुरम में एक्यूआई 200 से ऊपर पहुंच चुका है और यहां की हवा खराब हो गई है. इन इलाकों में लोगों को सांस लेने में परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है.
अगले कुछ दिनों में और बढ़ सकता है प्रदूषण
दिल्ली ही नहीं पूरे एनसीआर में प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है. पीएम 2.5 और पीएम 10 के हवा में बढ़ने से धुंध जैसे हालात पैदा हो रहे हैं. वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार अगले कुछ दिनों में एक्यूआई मध्यम से खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्की बारिश से बीच-बीच में एयर क्वालिटी में सुधार देखा जा सकता है.
बाहर जाने पर पहनें मास्क
वैज्ञानिकों और डॉक्टरों दोनों की ओर से ही नागरिकों को सलाह दी जा रही है कि खराब हो रही हवा में घर से बाहर निकलने से पहले मास्क जरूर पहनें. खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को खुले में ज्यादा समय तक न रहने की सलाह दी गई है. प्रदूषण से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें.